रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
इटावा

Etawah News:नेत्र रोग विशेषज्ञ कक्ष में पड़ा ताला, मरीज लौटे – Lock On Ophthalmologist’s Consulting Room; Patients Turned Away

November 29, 2026


इटावा। नेत्र रोग विशेषज्ञ के कक्ष में ताला पड़ा मिलने से आंखों से जुड़ी समस्याओं का इलाज कराने पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कक्ष के बाहर लगे बोर्ड पर डॉक्टर के अवकाश पर रहने की सूचना अंकित थी, लेकिन दूर-दराज के क्षेत्रों से उम्मीद लेकर आए कई मरीजों को पहले से इसकी जानकारी नहीं थी।

शनिवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचने पर जब मरीजों ने नेत्र रोग विशेषज्ञ के कक्ष का दरवाजा बंद देखा तो वे इधर-उधर भटकते नजर आए। कई मरीज कुछ देर तक कक्ष के खुलने और वैकल्पिक व्यवस्था होने का इंतजार करते रहे, लेकिन समय बीतने के साथ उन्हें निराशा हाथ लगी। कई मरीजों को बिना इलाज कराए ही लौटना पड़ा।

आंखों की जांच, परामर्श और नियमित उपचार के लिए आने वाले मरीजों के लिए वैकल्पिक इंतजाम न दिखने से उन्हें अधिक समय और किराया खर्च करना पड़ा। सीएमएस डॉ. पारितोष शुक्ला ने बताया कि नेत्र रोग विशेषज्ञ के अवकाश की वजह से दिक्कत रही। नेत्र रोग विशेषज्ञ की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X