चित्रकूट। कर्वी क्षेत्र के बदहाल संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए 1.0891 करोड़ का बजट स्वीकृत हो गया है। करीब साढ़े चार किमी लंबी इस सड़क के बनने से छिछरिया बुजुर्ग समेत आसपास के गांवों के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
कर्वी गुढ़ा मार्ग से छिछरिया बुजुर्ग तक जाने वाला मार्ग लंबे समय से गड्ढों में तब्दील हो गया है। बारिश के दौरान जलभराव और जगह-जगह टूटी सड़क के कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। आए दिन बाइक सवार चोटिल हो रहे थे। वहीं वाहनों के खराब होने की शिकायत भी आम थी। ग्रामीण लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे थे। अब इस मार्ग के दो किमी हिस्से के लिए 57.29 लाख और अवशेष 2.40 किमी भाग के लिए 51.62 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
सहायक अभियंता संजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, अब शासन से मंजूरी मिल गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।