शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
एटा

Etah News:अवैध खनन कराने वाले दो खेत स्वामियों पर दो-दो लाख का जुर्माना – Fines Of Two Lakh Rupees Each Imposed On Two Farm Owners For Facilitating Illegal Mining

November 4, 2026


एटा। बिना अनुमति खेतों में मिट्टी का अवैध खनन कराने के दो मामलों में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने दो खेत स्वामियों पर दो-दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है। दोनों मामलों में जांच के दौरान अवैध खनन की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई है।

तहसील एटा सदर के गांव पूरा परगना सकीट निवासी अंगूरी देवी ने अपने खेत में बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के मिट्टी का खनन कराया था। वहीं तहसील जलेसर के गांव जमालपुर गादुरी निवासी वीरपाल सिंह के खेत में भी बिना अनुमति मिट्टी का खनन कराए जाने की पुष्टि हुई।

दोनों मामलों में संबंधित खेत स्वामियों को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। जांच आख्या, उपलब्ध अभिलेखों और संबंधित व्यक्तियों के जवाबों का परीक्षण करने के बाद दोनों को दोषी पाया गया। उत्तर प्रदेश उपखनिज परिहार नियमावली-2021 के प्रावधानों के उल्लंघन पर जिलाधिकारी ने दोनों पर दो-दो लाख रुपये, कुल चार लाख रुपये का अर्थदंड लगाने के प्रस्ताव को अनुमोदित किया है।

जिलाधिकारी एम अरुन्मोली ने कहा कि जिले में बिना अनुमति खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खनन नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X