Etawah News:महिला ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की – A Woman Died By Suicide After Being Run Over By A Train
मायके पक्ष का आरोप, रुपये की मांग को लेकर की जाती थी मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
भरथना। रेलवे स्टेशन यार्ड में मंगलवार देर रात एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। कानपुर से दिल्ली जा रही कैफियत एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर रुपये की मांग को लेकर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान सपना (24) पत्नी फौजी निवासी रामनगर, थाना बकेवर के रूप में हुई। मंगलवार रात करीब तीन बजे यह घटना हुई। सूचना मिलने पर जीआरपी ने शव की शिनाख्त कराई। सपना का मायका औरैया के अजीतमल थाना क्षेत्र के बीसलपुर गांव में है। उसके चचेरे भाई मोनू ने बताया कि सपना की शादी जून 2020 में हुई थी। उसका पति मजदूरी के लिए बाहर रहता है।
मोनू के अनुसार, देवर समेत अन्य ससुराली रुपये की मांग करते थे। वे सपना के साथ आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करते थे। मंगलवार को भी उसके साथ मारपीट की गई थी। इससे आहत होकर सपना ने यह आत्मघाती कदम उठाया। सपना के दो छोटे बेटे हैं। बड़ा बेटा निशांत दो वर्ष का है, जबकि छोटा ऋषभ एक वर्ष का है। जीआरपी चौकी प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच की जा रही है।
