Farrukhabad News:एकादशी पर 15 से 30 रुपये तक बिका गन्ना – Sugarcane Sold For Between 15 And 30 Rupees On Ekadashi
कमालगंज। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी या प्रबोधिनी एकादशी पर शुक्रवार को चातुर्मास समाप्त हो गया। देवगण भगवान श्रीहरि योगनिद्रा से जागृत हो गए। देवोत्थान एकादशी पूजा के लिए गन्ना की जमकर बिक्री हुई। 15 से 30 रुपये तक गन्ना बिका।
देवोत्थान एकादशी को लेकर शुक्रवार को बाजार में खासी चहल-पहल रही। गंगापार व कायमगंज क्षेत्र से आए गन्नों को कई स्थानों पर लगाकर बिक्री की गई। पतला गन्ना 15 रुपये पीस बिका। जबकि मोटाई के हिसाब से 30 रुपये तक गन्ना की बिक्री हुई। कच्चा सिंघाड़ा 20 व पका सिंघाड़ा 40 रुपये किलो बिका।
उबला हुआ सिंघाड़ा 100 रुपये किलो बिका। शकरकंदी 30 से 40 रुपये किलो बिकी। दुकानदारों के अनुसार गन्ना व सिंघाड़ा की खूब बिक्री हुई। आचार्य शोभित व्यास ने बताया कि अब हर तरह के मांगलिक कार्य शुरू हो गए। विवाह, जनेऊ, गृहप्रवेश आदि अनुष्ठान भी होंगे। 12 दिसंबर तक विवाह के मुहूर्त निकल रहे। नवंबर में 21, 24, 25, 26 और 30 को लग्न है। जबकि दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 को लग्न का मुहूर्त है। इसके बाद अगले साल मकर संक्रांति के बाद 18 जनवरी से लग्न शुरू होंगे। उदया तिथि मानने वाले शनिवार को देवउठनी एकादशी का पूजन व्रत करेंगे।
सिंघाड़ा और शकरकंद की भी रही मांग
फोटो-32 तहसील रोड पर पूजा के लिए गन्ने खरीदता ग्राहक। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। शुक्रवार को बाजार में गन्ना, सिंघाड़ा और शकरकंद की खूब बिक्री हुई। लोगों ने पूजा-अर्चना के लिए गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद समेत अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी की।
नगर की पुरानी गल्ला मंडी, तहसील रोड, स्टेशन रोड और अलीगंज रोड पर फुटपाथ के किनारे अस्थायी दुकानें सजी रहीं। मांग अधिक होने से दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आए। बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही। गन्ना 15 रुपये प्रति नग, सिंघाड़ा 25 रुपये और शकरकंद 30 रुपये प्रति किलो बिका। शाम होते-होते सिंघाड़े और शकरकंद के दाम में पांच-पांच रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हो गई।
