शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:नो-एंट्री में घुसे प्रतिबंधित वाहन, हर तरफ लगा जाम – Restricted Vehicles Entered A ‘no-entry’ Zone, Causing Traffic Jams Everywhere

November 6, 2026


फर्रुखाबाद। धनतेरस पर बाजार में खरीदारों की भीड़ को देखते हुए वाहनों की नो-एंट्री घोषित थी, लेकिन ई-रिक्शा और अन्य वाहनों के घुसने से चौक, घुमना पर लंबा जाम लगा रहा। बढ़पुर मंदिर पर नए वाहनों के पूजन की कतारें लगी रहीं। क्रिश्चियन स्कूल से खुशहाली गार्डन तक वाहन फंसे रहे। यही हाल जसमई से कुइया बूट होकर रेलवे क्रॉसिंग तक रहा।

पुलिस ने शुक्रवार से लालगेट से तिकोना तक नो-एंट्री घोषित किया था। इसके बावजूद ई-रिक्शा ही नहीं कारें भी आसानी से घुसती रहीं। इसी का नतीजा रहा कि चौक पर वाहन फंसने से जाम लग गया। कोतवाली की ओर से घुमना पर आने वाले चौपहिया, तिपहिया वाहनों की वजह से दिन में कई बार जाम लगा। कोतवाली के दो सिपाही भी जाम से निजात दिलाने में नाकाम रहे। दोपहर दो बजे लगा जाम चार बजे के बाद तक सामान्य नहीं हो सका।

बढ़पुर मंदिर पर नए वाहनों के पूजन की लाइनें लगी रहीं। सबसे अधिक दिक्कत दोपहर बाद हुई। ट्रैक्टर, कारों, बाइकों के पूजन की लंबी कतार होने की वजह से मुख्यमार्ग पर जाम लग गया। रोडवेज की कई बसें फंस गईं। वाहन खुशहाली गार्डन से क्रिश्चियन स्कूल गेट तक फंसे रहे। वाहनों को धीरे-धीरे निकाला जा सका। यातायात प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि नो-इंट्री में घुसने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X