सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Fatehpur News:सरसों तेल की महंगाई ने रसोई में बढ़ाई खर्च की आंच – Rising Mustard Oil Prices Have Turned Up The Heat On Kitchen Expenses
फ़तेहपुर

Fatehpur News:सरसों तेल की महंगाई ने रसोई में बढ़ाई खर्च की आंच – Rising Mustard Oil Prices Have Turned Up The Heat On Kitchen Expenses

November 16, 2026


फतेहपुर। महंगाई की मार से मध्य वर्गीय परिवारों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। सरसों तेल की कीमतों में 20 से 30 रुपये तक की वृद्धि ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। दूध के बढ़े दाम भी लोगों को परेशान कर रहे हैं। गृहणियों का कहना है कि खाद्य सामग्री की कीमतों में लगातार इजाफा होने से रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

खाद्य सामग्री के दामों में हर महीने किसी न किसी वस्तु की कीमत बढ़ रही है। सरसों तेल की बात करें तो पैकिंग वाले तेल में 20 रुपये और खुले तेल में 30 से 40 रुपये तक की वृद्धि हुई है। 95 रुपये में मिलने वाला आधा लीटर का पैक अब 115 रुपये में बिक रहा है। इसी तरह एक लीटर तेल की कीमत 185 रुपये से बढ़कर 210 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं खुला तेल 220 से 230 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है।

दुकानदारों के मुताबिक सरसों तेल की कीमतों में तेजी की एक वजह सरसों की आवक कम होना है। कच्चे माल की उपलब्धता और तेल मिलों की खरीदारी का असर थोक भाव पर पड़ रहा है। नई फसल आने में अभी समय है। ऐसे में बाजार पुरानी सरसों के स्टॉक पर निर्भर है।

दुकानदार राहुल मौर्य ने बताया कि पिछले करीब दो सप्ताह में सरसों तेल के थोक भाव में दो बार बढ़ोतरी हो चुकी है। नई फसल आने में अभी समय है, ऐसे में कीमतों में और इजाफा होने की आशंका है।

बस बढ़ते ही सुनाई देते हैं दाम

महरहा रोड बिंदकी निवासी सिया विश्वकर्मा ने बताया कि बढ़ती महंगाई ने रसोई के साथ पूरे घर का बजट बिगाड़ दिया है। ऐसे हालात में बजट की बात करना भी बेमानी साबित हो रहा है। अधिकांश समय किसी न किसी सामग्री के दाम बढ़ने की सूचना ही मिलती है।

महंगाई के आगे आम आदमी की जेब बेबस

ललौली चौराहा बिंदकी निवासी आरती यादव का कहना है कि लगातार खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों पर किसी का ध्यान नहीं है। इस वर्ष सरसों तेल के दाम करीब 50 रुपये तक बढ़ चुके हैं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि महंगाई के इस खेल में आम आदमी की जेब पर सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X