रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़िरोज़ाबाद

Firozabad News:टोडसी जमीन प्रकरण का पुलिस और प्रशासन ने कराया निराकरण – The Police And Administration Resolved The Todsi Land Dispute

November 22, 2026


सिरसागंज । थाना सिरसागंज के ग्राम टोडसी में 2006 से चले आ रहे जमीनी विवाद के कारण रमेशचंद्र द्वारा शुक्रवार को डीएम कार्यालय के बाहर पेट्रोल खुद के ऊपर उड़ेलकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने के मामले का शनिवार को निराकरण हो गया। डीएम संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर तहसीलदार सिरसागंज सुशील कुमार एवं थाना प्रभारी सिरसागंज ने दोनों पक्षों को बैठाकर मामले का निराकरण कराया। दोनों पक्ष सहमत हो गए हैं।

शुक्रवार को डीएम कार्यालय के बाहर सिरसागंज के ग्राम टोडसी निवासी रमेशचंद्र ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया था। लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए बुजुर्ग को गलत कदम उठाने से रोकने के साथ उसकी जान बचा ली थी। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने बुजुर्ग की बात को गंभीरता से लिया था। थाना सिरसागंज पुलिस एवं तहसीलदार सिरसागंज को मामले का निस्तारण करने के निर्देश दिए थे। डीएम की पहल पर तहसीलदार सुशील कुमार एवं थाना प्रभारी सिरसागंज अनिल कुमार क्षेत्रीय लेखपाल कुलदीप सिंह के साथ पीड़ित रमेशचंद्र कुशवाहा, प्रधान सौरभ बघेल एवं उसके पिता जगदीश को एक साथ बैठाया। दोनों पक्षों ने मंथन करने के साथ रमेशचंद्र के नाम उक्त भूमि का बैनामा बुधवार को कराने का निर्णय लिया गया। बैनामा में खर्च होने वाली धनराशि सिर्फ रमेशचंद्र पक्ष को खर्च करनी होगी। जगदीश पक्ष को कोई पैसा नहीं देना होगा। जगदीश पक्ष ने इस पर सहमति जताई। वहीं जगदीश पक्ष ने कहा कि इसको लेकर जो मुकदमे चल रहे हैं उनको वापस लिया जाएगा। इस पर रमेशचंद्र पक्ष ने भी सहमति दी। इसका समझौता पत्र तैयार होने के साथ इस प्रकरण का निराकरण हो गया। तहसीलदार सिरसागंज सुशील कुमार एवं थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। प्लॉट का बैनामा रमेश के पक्ष में करा दिया जाएगा। जबकि मुकदमे वापस लिए जाएंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X