सिरसागंज। थाना नगला खंगर क्षेत्र में सोमवार सुबह गांव से बाहर निकलते ही बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर के सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उसे लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराएं शव घर ले गए।
गांव वाजिदपुर थाना नगला खंगर निवासी गुलशन (17) घर से बाइक लेकर निकला था। गांव से निकलते ही तेज रफ्तार से दौड़ती बाइक दीवार से टकरा गई। इसके चलते बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और सिर में चोट लगने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही ग्रामीण मौके की तरफ दौड़ पड़े। जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
आनन-फानन में उसे कार द्वारा ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे वार्ड में भर्ती कराते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। ईसीजी आदि करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रॉमा पुलिस चौकी इंचार्ज शुभम द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा गया। परिजन ने साफ इन्कार कर दिया। परिजन कागजी कार्रवाई पूरी कर बिना पोस्टमार्टम के ही शव वापस अपने घर ले गए। सीओ चंचल त्यागी ने बताया कि दीवार से बाइक टकराने पर किशोर की मौत हो गई थी।