शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़िरोज़ाबाद

Firozabad News:शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़, 12 बने-अधबने तमंचे व उपकरण बरामद – Firozabad News Arm Factory

November 20, 2026


फिरोजाबाद। विधानसभा चुनाव-2027 से पहले क्षेत्र में बवाल और अशांति फैलाने के मंसूबे पाल रहे अराजक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना मटसैना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से अवैध रूप से तमंचे बनाने और मरम्मत करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 बने-अधबने तमंचे, खोखा कारतूस और हथियार निर्माण के भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं।

सीओ सदर तेजस त्रिपाठी ने बताया कि 17 नवंबर की रात थाना मटसैना पुलिस व एसओजी टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि चुनाव में अराजकता फैलाने के उद्देश्य से ग्राम अगरूपुरा स्थित करकौली पौधशाला के पास मिट्टी के टीलों के बीच अवैध असलहे बनाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी और मौके से चेतराम निवासी ग्राम अगरूपुरा (थाना मटसैना) तथा सूरज निवासी मुखिया मंदिर वाली गली, आशाबाद (थाना रसूलपुर) को दबोच लिया।

यह सामग्री व उपकरण हुए बरामद

पुलिस ने मौके से 12 तमंचे (6 तमंचे 12 बोर और 6 तमंचे 315 बोर के बने व अधबने), 315 व 12 बोर के एक-एक खोखा कारतूस, 315 बोर की सात व 12 बोर की एक लोहे की नाल और तमंचा बॉडी बरामद की है। इसके अलावा ड्रिल मशीन, रैती, हैमर, सड़ांसी, हथौड़ी, छैनी, सुम्भा, लोहे की पत्ती, बांक, स्प्रिंग, कील-स्क्रू, रेगमाल, धौंकनी, आरी-ब्लेड, पीतल का तार, रांगा पाउडर, पेचकस और लकड़ी का कोयला भी जब्त किया है।

दोनों का है लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त चेतराम के खिलाफ बसई मोहम्मदपुर, लाइनपार और मटसैना थानों में आर्म्स एक्ट, चोरी और अपहरण समेत कई अभियोग पूर्व में पंजीकृत हैं। वहीं, दूसरे आरोपी सूरज के विरुद्ध भी थाना रसूलपुर में पहले से मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मटसैना में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X