Gen Z बनाम सत्ता: दुनिया भर में क्यों सड़कों पर उतर रही है नई पीढ़ी?
जर्मनी से लेकर इटली तक दुनिया के अलग-अलग देशों में युवा सत्ता को चुनौती दे रहे हैं. कहीं भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन है तो कहीं बेरोजगारी और महंगाई से इस गुस्से की वजह बन रही है. बेशक इन आंदोलनों के मुद्दे अलग-अलग हैं मगर इनका चेहरा एक है. वो चेहरा जिसे दुनिया Gen Z कहती है. यह पहली बार नहीं जब Gen Z सड़कों पर उतरे हों. नेपाल से लेकर बांग्लादेश तक और केन्या से लेकर मेगाडास्कर तक पहले भी इस जेन जी के आंदोलन हुए हैं. मगर इस बार यूरोप जिस गुस्से की आग में जल रहा है. ऐसा शायद दुनिया के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ.
यूरोप प्रदर्शन की आग में जल रहा है. फ्रांस में विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे सप्ताह जारी रहा. तो जर्मनी में ये विरोध हिंसक हो गया. फ्रैंकफर्ट समेत देश के 34 शहरों में प्रदर्शनकारियों की पुलिस ने झड़प हुई, तोड़ फोड़ हुई और कई दुकानों में लूटपाट भी की गई. कुछ ऐसा ही हाल पुर्तगाल, नीदरलैंड, बेल्जियम, इटली और अल्बानिया की सड़कों पर भी दिख रहा है.
जर्नल ऑफ डेमोक्रेसी के इसी साल जनवरी में प्रकाशित एक रिसर्च में जेन जी में बढ़ते गुस्से की वजह तलाशने की कोशिश की गई है. हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर एरिका चेनोवेथ और मैथ्यू सेबुल ने इस रिसर्च का शीर्षक ‘Why Gen-Z Is Rising’ रखा है. इसके अलावा इसी साल आम नागरिकों के वैश्विक संगठन CIVICUS की रिपोर्ट में भी जेन जी के गुस्से और असंतोष पर एक एनालिसिस की गई है, जिसमें बताया गया है कि आखिर युवा पीढ़ी सड़कों पर क्यों उतर रही है.
Gen Z कौन हैं और क्यों हो रही इनकी चर्चा?
GenZ उस जनरेशन को कहा जाता है, जिनका जन्म 1997 से 2012 के बीच हुआ है. इन्हें डिजिटल पीढ़ी भी कहा जाता है, क्योंकि इन्होंने इंटरनेट, स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के विस्तार के बीच आंखें खोली हैं. जर्नल ऑफ डेमोक्रेसी में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक इस जनरेशन का किसी चीज को समझने का अपना नजरिया है. यही इनके असंतोष की वजह भी है. दरअसल इन्होंने वैश्विक आर्थिक संकट, कोविड महामारी, महंगाई जैसी चीजें बहुत नजदीक से देखी हैं ऐसे में जब इन्हें अपने भविष्य में अस्थिरता दिखती है तो इनका गुस्सा फूट पड़ता है.
स्पेन प्रदर्शन
एशिया से हुई थी शुरुआत
Gen-Z के विरोध की शुरुआत एशिया से हुई थी. यहां नेपाल में 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध की वजह से युवा आक्रोशित हुए. जब पुलिस कार्रवाई में युवाओं की मौत हुई तो प्रदर्शन और व्यापक हो गया. आखिरकार पीएम केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा. ऐसा ही बांग्लादेश में हुआ.
यहां सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ. सुरक्षा बलों ने प्रदर्शन को दबाने की कोशिश की तो यह ऐसा भड़का कि सत्ता को ही बदल दिया. श्रीलंका में भी बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना की तरह राष्ट्रपित गोटाबाया राजपक्षे को देश छोड़कर भागना पड़ा.
फिर अफ्रीका ने देखा गुस्सा
अफ्रीका में Gen Z का गुस्सा आर्थिक असमानता की वजह से पनपा. केन्या में जून 2024 में फाइनेंस बिल से इसकी शुरुआत हुई. प्रदर्शनकारी संसद के अंदर तक घुस गए थे.जब पुलिस ने कार्रवाई की तो कई लोगों की मौत हुई थी. राष्ट्रपति विलियम रुटो को विवादित वित्त विधेयक वापस लेना पड़ा था. इसी तरह मेडागास्कर में बिजली पानी संकट की वजह से Gen Z आंदोलन शुरू हुआ और फिर सरकार को बदलने के बाद ही शांत हुए. मोरक्को में गुस्सा महंगे स्टेडियम और बदहाल अस्पतालों को लेकर था.
अब यूरोप में सड़कों पर Gen Z
एशिया और अफ्रीका के बाद इंडोनेशिया और फिलीपींस में भी जेन जी ने अपने क्रोध से वहां की सरकारों को हिलाया. अब यूरोप कई कई देशों में प्रदर्शन फेल चुका है. हाल ही में 28 अक्टूबर को रॉयटर्स ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की, जिसमें यूरोप में फैल रहे युवा आंदोलनों का एनालिसिस किया. इसमें बेल्जियम, फ्रांस, इटली और अल्बानिया के युवाओं की समस्याओं को शामिल किया गया. फ्रांस में छात्रों की शिकायत स्कूलों की खराब इमारतों, शिक्षकों की कमी और विश्वविद्यालयों में दाखिले की व्यवस्था को लेकर शुरू हुई, जिसमें धीरे धीरे महंगाई, आवास संकट भी जुड़ गया.
31 अक्टूबर को फ्रांस में तीसरे सप्ताह लगातार प्रदर्शन हुए. वहीं जर्मनी में युवा प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च बढ़ाएं. जलवायु सुरक्षा और सस्ती जीवनशैली भी उनके मुद्दे हैं. हाल ही में यहां प्रदर्शन हिंसा में बदले जहां, तोड़ फोड़ और चोरी के मामले सामने आए कई लोगों को हिरासत में लिया गया. इटली, बेल्जियम, अल्बानिया, पुर्तगाल और नीदरलैंड में भी अलग-अलग मुद्दों को लेकर GenZ प्रदर्शन कर रहे हैं.
क्यों इतना गुस्से में हैं GenZ?
- जर्नल ऑफ डेमोक्रेसी के आर्टिकल के मुताबिक नई पीढ़ी के सामने सबसे बड़ा सवाल रोजगार का है. युवाओं को लगता है कि उन्हें अपनी योग्यता के हिसाब से वेतन और नौकरी नहीं मिली.
- Gen Z उस असमानता के भी खिलाफ हैं जहां नेताओं के बच्चे लग्जरी लाइफस्टाइल में जी रहे हैं, जबकि युवाओं को परेशान होना पड़ रहा है. इंडोनेशिया में भी विरोध की वजह नेताओं के लिए नई गाड़ी का खरीदा जाना था.
- युवा नेताओं की ओर से लगातार किए जा रहे भ्रष्टाचार के भी विरोध में हैं. सर्बिया में स्टेशन हादसे के बाद सरकार को ही पलट देना, पिलपींस में बाढ़ कंट्रोल परियोजना में धांधली भी इस आंदोलन की वजह रहे.
- युवाओं की नाराजगी केवल सरकारों की नीतियों को लेकर नहीं है. उन्हें लगता है कि उनकी आवाज सुनी नहीं जा रही है.
