Ghaziabad News:कबाड़ गोदामों और अतिक्रमण से परेशान लोग, पार्षद ने कार्रवाई की मांग उठाई – Residents Troubled By Scrap Warehouses And Encroachment; Councillor Calls For Action
साहिबाबाद। शालीमार गार्डन के वार्ड-37 स्थित बंगाली कॉलोनी और विक्रम एन्क्लेव में कबाड़ गोदामों और सड़क पर अतिक्रमण की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। क्षेत्र में वर्षों से संचालित कबाड़ गोदामों के बाहर सड़क पर सामान फैलाकर रखने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय निवासियों की शिकायत पर पार्षद रवि भाटी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और नगर निगम व पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
उनका आरोप है कि क्षेत्र में दर्जनों कबाड़ गोदाम संचालित हो रहे हैं। इनके संचालक सड़क के बीचों-बीच कबाड़ और अन्य सामान रख देते हैं। इससे सड़क पर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। कई बार लोगों को निकलने में परेशानी होती है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। पार्षद रवि भाटी ने कहा कि सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने नगर निगम और पुलिस से सड़क पर रखे कबाड़, कूड़े और अन्य सामान को हटवाने के साथ लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान शिव कुमार गुप्ता, उदयभान ठाकुर, बबली चौहान, धर्मपाल चौधरी, मनोज, संतोष, अनुज ठाकुर, एडवोकेट सुमित, राहुल शर्मा, रघुवर, आजाद और चौधरी समेत कई स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
