रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गाज़ियाबाद

Ghaziabad News:कार्तिक स्नान पर गंगनहर घाट पर रहेगा सुरक्षा का पहरा, पांच हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान – Tight Security To Be In Place At Gangnahar Ghat For Kartik Snan; An Estimated 5,000 Devotees Expected To Arrive

November 24, 2026


मुरादनगर। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को गंगनहर घाट पर होने वाले स्नान को लेकर पुलिस और नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्नान पर्व पर पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाट और आसपास के क्षेत्र में 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं, सोमवार शाम गंगनहर घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और विधि-विधान से दीपदान किया। दीपों की रोशनी से घाट जगमगा उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो फ्लड कंपनियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा महिला और पुरुष मिलाकर 50 उपनिरीक्षकों सहित कुल 150 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मियों की तैनाती दो शिफ्ट में होगी, जिससे स्नान के दौरान लगातार निगरानी रखी जा सके। घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उधर, नगर पालिका परिषद की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिशासी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गंगनहर घाट पर साफ-सफाई कराई गई है। श्रद्धालुओं के लिए चार मोबाइल शौचालय और चार चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा घाट पर प्रकाश व्यवस्था भी कराई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X