Ghaziabad News:वायु गुणवत्ता सुधारने में जुटा नगर निगम, मुख्य मार्गों से हटाई जा रही धूल – Municipal Corporation Working To Improve Air Quality; Dust Being Removed From Main Roads
गाजियाबाद। शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए नगर निगम ने मुहिम तेज कर दी है। मुख्य मार्गों से धूल हटाने के साथ आधुनिक मशीनों (वॉटर स्प्रिंकलर) से सड़कों की धुलाई और पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इस धूल-मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य और निर्माण विभाग को कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग लोडर और सफाई मित्रों की मदद से सड़कों को धूल-मुक्त करने का कार्य प्राथमिकता पर कर रहा है। दूसरी ओर, निर्माण विभाग शहर में खुले में पड़े निर्माण और विध्वंस अपशिष्ट (सी एंड डी वेस्ट) के निस्तारण पर विशेष जोर दे रहा है।
नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के सभी पांचों जोन में रोस्टर के अनुसार प्रतिदिन पानी का छिड़काव और सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए निगम के सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने शहरवासियों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित रूप से पानी का छिड़काव करें, ताकि धूल के कणों को उड़ने से रोका जा सके और शहर की हवा स्वच्छ बन सके।
