Gonda News:चलने में असमर्थ हूं, छह साल से काट रहा चक्कर – Unable To Walk, I Have Been Running Around In Circles For Six Years
रुपईडीह/गोंडा। त्योहार पर घरों में खुशियों की तैयारी है लेकिन धानेपुर के उज्जैनी कला निवासी 80 प्रतिशत दिव्यांग रामसूरत शर्मा छह साल से अपनी जमीन पर कब्जे के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। चलने-फिरने में असमर्थ होने के बावजूद कई बार तहसील और अधिकारियों के कार्यालयों तक पहुंचे लेकिन सुनवाई नहीं हुई। शनिवार को सदर तहसील में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में उन्होंने फिर गुहार लगाई। बैनामे की जमीन की निष्पक्ष जांच कराकर कब्जा दिलाने की मांग की।
झंझरी के बनघुसरा निवासी तिलकराम दो साल से चकरोड खाली कराने के लिए परेशान हैं। बताया कि वर्ष 2024 में तहसीलदार न्यायालय के आदेश और एडीएम की पुष्टि के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। अब तक 50 से अधिक आवेदन दे चुके हैं। कब्जे से दो गांवों का रास्ता प्रभावित है।
तरबगंज के कटहा निवासी अशोक तिवारी ने बताया कि पैमाइश के लिए राजस्व टीम गठित होने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। 35 किलोमीटर दूर से बार-बार अधिकारियों के पास आना पड़ता है।
डीएम प्रियंका निरंजन, सीडीओ दयानंद प्रसाद, एसडीएम जितेंद्र गौतम और सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने शिकायतें सुनीं। डीएम ने समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान सत्यप्रकाश सिंह, संतोष द्विवेदी, सुशील पांडेय, जेएन राव, सीपी सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।
67 शिकायतें आईं, तीन का मौके पर निस्तारण
मनकापुर। तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम उदित पवार ने की। कुल 67 शिकायतें आईं, जिनमें से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया।
एसडीएम ने तहसील और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति जांची तो कई लोग गैरहाजिर मिले। कुछ कर्मचारी हस्ताक्षर करने के बाद गायब थे। इस पर नाराजगी जताते हुए एसडीएम ने ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र भेजने की बात कही।
अगया माफी गांव निवासी ढोढई चौहान ने शिकायत की कि तालाब के रूप में दर्ज सरकारी जमीन पर रहमत अली ने मकान बनवा लिया था। न्यायालय के आदेश पर तहसील और पुलिस प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाया था लेकिन आरोपी ने दोबारा कब्जा कर लिया। इससे गांव की जल निकासी बाधित हो गई है। शिकायत पर एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल को संबंधित व्यक्ति के खिलाफ छपिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। (संवाद)
