शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गोंडा

Gonda News:निवेश पर अधिक लाभ का झांसा देकर 35 लाख ठगे – Rs 35 Lakh Swindled By Promising High Returns On Investment

November 12, 2026


इटियाथोक/गोंडा। निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक कारोबारी से करीब 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शुरुआत में निवेश पर कुछ मुनाफा दिया गया लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। रकम वापस मांगने पर पुराने निवेश का 25 से 50 प्रतिशत तक अतिरिक्त पैसा जमा करने का दबाव बनाया गया। सीजेएम न्यायालय के आदेश पर इटियाथोक पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी लविश चौधरी समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की है।

शिवपुरिया गांव निवासी अनिल कुमार तिवारी के मुताबिक, चंडीगढ़ निवासी संजय जायसवाल और पटना निवासी बृजेश कुमार ने उनसे व्यावसायिक साझेदारी और निवेश के नाम पर संपर्क किया था। दोनों ने उन्हें बटब्रो कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। भरोसा दिलाने के लिए उन्हें दिल्ली में आयोजित कंपनी के एक सेमिनार में भी ले जाया गया। वहां कुछ लोगों ने खुद को बड़ा कारोबारी बताते हुए कंपनी में निवेश से अच्छा मुनाफा मिलने का दावा किया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने 31 दिसंबर 2023 को 10 लाख रुपये से निवेश की शुरुआत की। शुरुआती दौर में कुछ मुनाफा मिला तो उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उन्हें दुबई और थाईलैंड में आयोजित कार्यक्रमों में ले जाया गया। दुबई के एक कार्यक्रम में उनकी मुलाकात लविश चौधरी उर्फ नवाब अली से कराई गई। आरोप है कि कार्यक्रम में फिल्मी कलाकारों और सोशल मीडिया से जुड़े चर्चित चेहरों की मौजूदगी तथा मंच से लविश चौधरी की प्रशंसा किए जाने से उनका विश्वास और मजबूत हुआ।

चार किस्तों में निवेश किए 35 लाख रुपये

अनिल तिवारी के मुताबिक, उन्होंने अगस्त 2024 में आठ लाख, जनवरी 2025 में 10 लाख और अप्रैल 2025 में सात लाख रुपये का अतिरिक्त निवेश किया। इस तरह शुरुआती 10 लाख रुपये मिलाकर कुल निवेश 35 लाख रुपये हो गया। इस दौरान उन्होंने अपने कुछ परिचितों को भी कंपनी में निवेश के बारे में बताया। उनके संपर्क में आए कुछ अन्य लोगों ने भी निवेश में रुचि दिखाई और यूपीआई के माध्यम से रकम भेजकर कंपनी की वेबसाइट पर निवेश कराया।

चार बार बदला कंपनी का नाम, भुगतान भी हुआ बंद

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी का नाम पहले बटब्रो से बदलकर बट अल्फा, फिर क्रॉस मार्केट और अंत में माइनक्रिप्टो कर दिया गया। इसी दौरान निवेश पर मिलने वाला रिटर्न धीरे-धीरे कम होता गया और बाद में पूरी तरह बंद हो गया। अनिल तिवारी ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोप है कि लविश चौधरी ने पैसा लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन इसके लिए पहले किए गए निवेश का 25 से 50 प्रतिशत तक अतिरिक्त पैसा जमा करने की शर्त रखी। शिकायतकर्ता का कहना है कि अतिरिक्त रकम जमा करने के बावजूद उन्हें उनकी मूल धनराशि वापस नहीं मिली।

कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

अनिल तिवारी ने 30 जून को पंजीकृत डाक से पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। सीओ सदर अभिषेक दवाच्या ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर 10 नवंबर को इटियाथोक थाने में चंडीगढ़ निवासी संजय जायसवाल, पटना निवासी बृजेश कुमार और मुजफ्फरनगर निवासी लविश चौधरी उर्फ नवाब अली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X