Hamirpur News:तीन अफसरों का रोका वेतन, मांगा स्पष्टीकरण – Salaries Of Three Officers Withheld; Explanation Sought
= डीएम ने विकास कार्यों में लापरवाही पर दिए कार्रवाई के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को डीएम की अध्यक्षता एवं सीडीओ की मौजूदगी में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से संचालित विकास एवं राजस्व संबंधी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए डीएम ने लापरवाही पर तीन अफसरों का वेतन रोकने सहित सभी से स्पष्टीकरण मांगा है।
डीएम अशोक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अक्तूबर माह के मूल्यांकन में जनपद ने विकास एवं राजस्व की संयुक्त रैंकिंग में प्रदेश के टॉप-10 जनपदों में सातवां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने आगामी माह में जनपद को प्रदेश के टॉप-3 रैंकिंग में स्थान दिलाने के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
वहीं बैठक में बिना पूर्व सूचना एवं स्पष्टीकरण के अनुपस्थित रहने पर जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बलदेव प्रसाद का एक दिन का वेतन काटने तथा स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। बीडीओ मौदहा, सरीला एवं गोहांड की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बीडीओ सुमेरपुर का वेतन रोकने के निर्देश दिए। मत्स्य संपदा विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने तथा बैठक में अनुपस्थित रहने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. अलका शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, उपनिदेशक कृषि डॉ. प्रमोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरी शंकर मौजूद रहे।
