सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hamirpur News:पोषाहार का पहाड़… बच्चों को चपेट में ले रहा कुपोषण – A Mountain Of Nutritional Resources… Yet Malnutrition Continues To Grip Children
हमीरपुर

Hamirpur News:पोषाहार का पहाड़… बच्चों को चपेट में ले रहा कुपोषण – A Mountain Of Nutritional Resources… Yet Malnutrition Continues To Grip Children

November 16, 2026


हमीरपुर। आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के कुपोषण मुक्त होने का दावा भले ही बाल विकास विभाग कर रहा है लेकिन हकीकत इससे अलग है। बीते अक्तूबर माह में 3,378 बच्चे कुपोषित मिले हैं।

इनमें 465 अति कुपोषित (सैम) और 2,913 बच्चे कुपोषित (मैम) श्रेणी में हैं। इधर जिले में हर महीने करीब 51 मीट्रिक टन पोषाहार वितरित किया जा रहा है। जिले भर में संचालित 1,500 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 77,375 बच्चे पंजीकृत हैं। इनमें पांच भवन जर्जर हैं जबकि 206 केंद्र किराये के भवनों में चल रहे हैं।

बीते अक्तूबर माह में हुए सर्वे में 465 बच्चे गंभीर कुपोषित और 2,913 कुपोषित श्रेणी में पाए गए हैं। एनआरसी केंद्र की स्टाफ नर्स अनुपमा सचान व प्रतिभा देवी ने बताया कि अक्तूबर में सात बच्चों को केंद्र में भर्ती कर उपचार दिया गया।

एक बच्चे को रेफर किया गया था। नवंबर माह में अब तक एक भी बच्चा एनआरसी में भर्ती नहीं किया गया है। सितंबर महीने में 22 बच्चे भर्ती किए गए थे।

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग पांच वर्ष तक के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से हॉट कुक्ड एवं पोषाहार का हर माह वितरण कराता है। बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही प्रत्येक सप्ताह टेकहोम राशन की भी व्यवस्था है। इसके बावजूद कुपोषण पर रोक नहीं लग पा रही है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने रिपोर्ट बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को भेजी है।

ये केंद्र निष्प्रयोज्य घोषित : मड़इया (हेलापुर), नरायच, टिकरी बुजुर्ग, धरौऊपुर, पौथिया और पारा आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर हैं। इन केंद्रों के बच्चों को परिषदीय स्कूलों में बने एकल कक्ष में शिफ्ट किया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X