Hamirpur News:मुआवजे में भेदभाव का आरोप, किसान संगठन ने डीएम से मांगी सूची – Allegations Of Discrimination In Compensation; Farmers’ Organization Seeks List From Dm
हमीरपुर। दैवीय आपदा से प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मध्यवर्ती सर्वे में भेदभाव का आरोप लगाते हुए जय जवान जय किसान एसोसिएशन संगठन ने जिलाधिकारी अशोक कुमार को ज्ञापन देकर गांववार सूची मांगी की है।
संगठन के अध्यक्ष गुलाब सिंह ने बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर 28 अगस्त से 10 अक्टूबर तक कई बार जिला प्रशासन को पत्र देकर मांगें उठाई गईं, लेकिन समाधान न होने पर 8 अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर भूख हड़ताल शुरू की गई थी। तब, भूख हड़ताल समाप्त कराते समय प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मध्यवर्ती सर्वे वाले गांवों और दैवीय आपदा राहत के अंतर्गत मुआवजा पाने वाले गांवों की जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। बताया, दैवीय आपदा राहत योजना के तहत तहसील हमीरपुर के 67 और मौदहा के 59 गांवों में मुआवजा दिया गया है, जबकि सरीला के केवल एक गांव को इसमें शामिल किया गया। तहसील राठ के किसी भी गांव में मुआवजा वितरण नहीं किया गया। संगठन ने मांग की है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मध्यवर्ती सर्वे लागू होने वाले गांवों और दैवीय आपदा राहत के अंतर्गत मुआवजा वितरित किए गए गांवों की तहसील, ब्लॉक एवं ग्रामवार सूची निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान संगठन के रमेश चंद्र, मान सिंह, शिवकुमार कुशवाहा, राकेश कुमार, राम कुमार, छेदीलाल, बाबूराम, मंगल सिंह, निर्मल सिंह मौजूद रहे। संवाद
