Hamirpur News:सोता रहा खाद्य विभाग, खुले में बिकती रहीं मिठाइयां – Food Department Remained Asleep; Sweets Continued To Be Sold In The Open
हमीरपुर/सरीला/राठ। दिवाली पर मिठाइयों की बिक्री चरम पर रही लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बाजारों में जांच करती नहीं दिखी। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क किनारे अस्थायी दुकानों और टेबल पर मिठाइयां खुले में सजाकर बेची गईं। धूल, वाहनों के धुएं और मक्खियों के बीच बिक रही मिठाइयों को ढकने के इंतजाम नहीं दिखे। धौहल, बुजुर्ग, ममना, जलालपुर, सरीला, मुस्करा, छानी, गोहांड, राठ, कुरारा, मौदहा और सुमेरपुर में भी यही स्थिति रही।
अभिहित अधिकारी गौरीशंकर ने बातचीत में स्वीकार किया कि दिवाली के दिन खाद्य सुरक्षा अधिकारी फील्ड में नहीं थे और जांच नहीं हुई। उनका कहना था कि विभाग ने एक दिन पहले तक कार्रवाई की और दुकानदारों को मिठाइयां ढककर रखने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक कानपुर सहित दूसरे जिलों से तैयार मिठाइयां हमीरपुर लाई जा रही हैं। दुकानदारों को ये मिठाइयां 100 से 200 रुपये प्रति किलो तक मिलती हैं जबकि ग्राहकों को 400 से 700 रुपये प्रति किलो तक बेची जाती हैं। कुछ दुकानों पर बाहर से आई मिठाई को ताजा दूध से बनी बर्फी बताकर बेचने की शिकायत है। ऐसे में मिठाई के निर्माण स्थल और इस्तेमाल की गई सामग्री की जानकारी ग्राहकों को मिलना जरूरी है। हालांकि गुणवत्ता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है। खुले में रखे खाद्य पदार्थ धूल, मक्खियों और अन्य प्रदूषकों के संपर्क में आकर दूषित हो सकते हैं। इनके सेवन से उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
दिवाली से पहले हुई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने 31 अक्तूबर को मौदहा और सुमेरपुर में सात नमूने लिए। तीन नवंबर को कुरारा के तीन प्रतिष्ठानों से खोया, बर्फी और पनीर के पांच नमूने लिए गए। चार नवंबर को हमीरपुर और सुमेरपुर में पेड़ा, दूध की बर्फी और बर्फी के चार नमूने लिए गए। तीन और चार नवंबर की कार्रवाई में 20 किलो बर्फी और 10 किलो छेना नष्ट कराया गया।
खुले में रखी मिठाइयों से संक्रमण का खतरा
औडेरा गांव निवासी दीक्षा राजपूत ने कहा कि खुले में रखी मिठाइयों पर मक्खियों के बैठने और धूल-मिट्टी पड़ने से बैक्टीरिया पहुंच सकते हैं। इन्हें खाने से पेट दर्द, उल्टी, दस्त, फूड पॉइजनिंग और संक्रमण का खतरा रहता है। बच्चों और बुजुर्गों को इसका ज्यादा नुकसान हो सकता है।
नगर के कामता प्रसाद बबेले ने कहा कि त्योहार के समय मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में दुकानदारों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। खुले में रखी मिठाइयां खाने से लोगों की सेहत खराब हो सकती है। विभाग को विशेष ध्यान में रखते हुए नियमित छापेमारी करनी चाहिए।
जिले में दो खाद्य सुरक्षा अधिकारी तैनात हैं। इस महीने अब तक 45 नमूने लिए गए और करीब एक क्विंटल मिठाई नष्ट कराई गई है। कुरारा में 25 किलो काजू कतली भी नष्ट कराई गई। खराब मिठाई मौके पर नष्ट कराई जाती है और गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे जाते हैं। -गौरीशंकर, डीओ, खाद्य सुरक्षा विभाग
