शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हरदोई

Hardoi News:80 करोड़ का धनतेरस, कार बाजार ने बनाया रिकॉर्ड – An 80-crore Dhanteras: Car Market Sets A Record

November 9, 2026


हरदोई। महंगाई का कोई असर धनतेरस के बाजार पर नहीं पड़ा। बड़ी संख्या में कार और बाइकों की बिक्री के साथ ही जेवरों की भी खरीद ग्राहकों ने की। ज्वैलरी की अलग-अलग दुकानों पर खूब भीड़ उमड़ी। लगभग 80 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। देर रात शहर के सिनेमा रोड और रेलवेगंज में लगने वाले मेले में भी खूब भीड़ उमड़ी।

धनतेरस के लिए बाजार पहले से ही तैयार था। इलेक्ट्रॉनिक्स के शोरूम हों या फिर कार और बाइक के बाजार हर जगह उत्साह और उल्लास का माहौल था। कार बाजार में उत्साह का आलम यह रहा कि सिर्फ कांसेप्ट कार जहां मारुति की कार बिकती हैं ने एक ही दिन में 500 से ज्यादा कार बेचने का रिकॉर्ड बना डाला।

कांसेप्ट कार्स के निदेशक यश अग्रवाल ने बताया कि एरीना शोरूम से 350 और नेक्सा शोरूम से 120 कारों की बिक्री धनतेरस के दिन हुई है। कंपनी के ही ट्रू वैल्यू से बीस कारें और वाणिज्यिक सेगमेंट में दस वाहन भी बिके हैं। यश अग्रवाल ने बताया कि ग्राहकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इसी तरह बालाजी हुंडई, बालाजी हांडा, बालाजी हीरो, कांसेप्ट हीरो, केशव हांडा आदि में भी वाहनों की जबरदस्त बिक्री हुई। लगभग 3200 बाइकों की बिक्री इन शोरूमों से हुई है। काशीनाथ ज्वैलर्स के मालिक अनिल महेंद्रा ने बताया कि बाजार में उत्साह रहा। कीमत पर ग्राहकों ने बहुत ध्यान नहीं दिया। जिसका जितना बजट था उस हिसाब से खरीदारी हुई। हालांकि अगर जेवरों के वजन की बात की जाए तो खपत कम हुई है।

सिनेमा रोड और रेलवेगंज में लगने वाले बाजारों में सबसे ज्यादा भीड़ खाद्य सामग्री की दुकानों पर रही। मिठाई की दुकानों के साथ ही चाट-बताशा और फास्टफूड की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ दिखी।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा खुद ही सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे। उन्होंने न सिर्फ दिन में बल्कि रात में भी कई बार ड्यूटी पर लगाए गए पुलिस कर्मियों को मौके पर पहुंचकर दिशा निर्देश दिए। सीओ सिटी अजीत चौहान, शहर कोतवाल संजय त्यागी, यातायात निरीक्षक प्रमोद यादव भी लगातार शहर में सक्रिय नजर आए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X