रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hapur News:सजने लगी तंबुओं की नगर, दूर-दराज से उमड़ रहे श्रद्धालु – Ganga Mela
हापुड़

Hapur News:सजने लगी तंबुओं की नगर, दूर-दराज से उमड़ रहे श्रद्धालु – Ganga Mela

November 15, 2026


गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से किसान परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर गंगा की रेती पर पहुंच रहे हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर तिरंगा लगाकर और डीजे की धुनों पर झूमते हुए श्रद्धालुओं की टोलियां मेले में प्रवेश कर रही हैं। इससे गंगा की रेती पर मेले की रौनक लगातार बढ़ रही है। वहीं, मेले में 20 बेड का अस्पताल तैयार हो गया। जल्द ही यहां इलाज मिलने लगेगा।

श्रद्धालु अपने साथ कई दिनों के प्रवास की पूरी तैयारी करके आ रहे हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में टेंट, बिस्तर, कुर्सी, मेज, रसोई का सामान, गैस सिलिंडर और चूल्हे तक लाए जा रहे हैं। बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पहुंच रहे लोग गंगा किनारे अपना अस्थायी आशियाना बना रहे हैं। मेला अधिकारी श्रीराम यादव के मुताबिक रविवार शाम तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु मेले में पहुंच चुके थे। आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके साथ ही रेती पर दूर-दूर तक बसे अस्थायी शिविर मेले की भव्यता को और बढ़ा रहे हैं।

रेती पर चूल्हों से उठ रहा धुआं, परिवार साथ बना रहे भोजन

गंगा की रेती पर पहुंचे परिवारों ने अपने अस्थायी शिविरों में रसोई भी सजा ली है। कहीं महिलाएं चूल्हे पर रोटियां सेंक रही हैं तो कहीं पुरुष भोजन की तैयारी में हाथ बंटा रहे हैं। खुले आसमान के नीचे परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर भोजन करना श्रद्धालुओं के लिए मेले के खास अनुभवों में शामिल है।

गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर कर रहे पूजा-अर्चना

मेले में पहुंचे श्रद्धालु गंगा तट पर स्नान और पूजा-अर्चना में समय बिता रहे हैं। सुबह से ही घाटों पर स्नान करने वालों की आवाजाही बनी हुई है। श्रद्धालु मां गंगा को दीप अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। घाटों पर धार्मिक गतिविधियों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

टेंट के नीचे परिवार के साथ छुट्टियों जैसा आनंद

रेती पर लगाए गए टेंट श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी घर बन गए हैं। दिनभर की भागदौड़ के बाद परिवार के सदस्य टेंट के नीचे बैठकर आराम कर रहे हैं। बच्चे आसपास खेलते नजर आ रहे हैं तो बुजुर्ग धूप में बैठकर बातचीत कर रहे हैं। कई परिवारों के लिए यह मेला धार्मिक यात्रा के साथ पारिवारिक मिलन का अवसर भी है।

गंग तट से हटवाए डेरे

गंगा तट पर कुछ लोगों ने प्रतिबंधित क्षेत्र होने के बाद भी वहां पर डेरे लगा लिए। सीओ राहुल यादव ने टीम के साथ पहुंचकर डेरे हटवाए और अन्य स्थानों पर भेजा। सीओ ने बताया कि दीपदान वाले दिन उन श्रद्धालुओं के लिए विशेष रुप से घाट तैयार किया है, जिस पर कोई डेरा नहीं लगने दिया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X