शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hardoi News:ठेकेदारों की बेरुखी से सड़काें के जख्म भरने में बाधा – Contractors’ Apathy Hinders The Repair Of Road Damage
हरदोई

Hardoi News:ठेकेदारों की बेरुखी से सड़काें के जख्म भरने में बाधा – Contractors’ Apathy Hinders The Repair Of Road Damage

November 4, 2026


– पैचवर्क के कामों में टेंडर ही नहीं डाल रहे ठेकेदार

संवाद न्यूज एजेंसी

हरदोई। शासन ने भले ही 30 नवंबर तक सभी मार्गाें को गड़्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए हों, लेकिन हालातों से लगता नहीं कि तय समय सीमा में पैचवर्क का काम पूरा हो पाएगा। एक तो मांग के अनुरूप शासन ने पैचवर्क के लिए फिलहाल बजट नहीं दिया है और दूसरी व बड़ी वजह यह है कि पैचवर्क के कामों पर ठेकेदार टेंडर डालने से ही कतरा रहे हैं।

आलम यह है कि चार चार बार टेंडर लगाए जाने पर भी पैचवर्क के सभी कामों पर टेंडर नहीं हो पाए। दरअसल पैचवर्क का भुगतान टुकड़ों में शासन से बजट आवंटन पर होता है और इसीलिए ठेकेदार पैचवर्क के काम में रुचि नहीं दिखाते। इससे इतर तारकोल के लगातार बढ़ रहे दाम भी ठेकेदारों को परेशान किए हैं। कम से कम लोक निर्माण विभाग के मार्गाें को गड्ढा मुक्त करने के अभियान में फिलहाल रोड़े ही सामने आ रहे हैं।

केस-1

13 निविदाएं आमंत्रित कीं, किसी ने नहीं डाला टेंडर

लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड एक में पैचवर्क के 13 कार्याें की निविदाएं जुलाई में आमंत्रित की गई थीं। इन 13 निविदाओं में किसी भी ठेकेदार ने टेंडर नहीं डाले। इसके कारण सितंबर में फिर से निविदा आमंत्रित की गई। इस बार बमुश्किल आठ कार्याें पर ही निविदाएं ठेकेदारों ने डालीं। बचे हुए पांच कामों के लिए तीसरी बार अक्तूबर में निविदा आमंत्रित की गई। इस बार भी सिर्फ एक पर ही टेंडर आया। चौथी बार फिर से निविदा आमंत्रित की गई है, लेकिन अभी तक कोई टेंडर नहीं आया है।

——————

केस-2

चौथी बार कराए टेंडर तो चार ने दिखाई रुचि

लोक निर्माण विभाग के खंड दो में पैचवर्क के आठ कामों के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई थीं। जुलाई में पहली बार लगाए गए टेंडर में सिर्फ दो कामों पर ही ठेकेदारों ने टेंडर डाले। दूसरी बार सितंबर में फिर से निविदाएं आमंत्रित की गईं। इस बार किसी भी ठेकेदार ने टेंडर नहीं डाले। अक्तूबर में फिर से टेंडर कराए गए, लेकिन इस बार भी किसी ने टेंडर नहीं डाले। चौथी बार अक्तूबर के आखिरी सप्ताह में टेंडर कराए गए, तो चार कामों पर टेंडर आए हैं। दो कामों पर फिर भी किसी ठेकेदार ने टेंडर नहीं डाले।

——————–

इनसेट

तारकोल के भाव और भुगतान में अभाव है वजह

हरदोई कांट्रेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रम्हानंद दीक्षित बताते हैं कि पैचवर्क का काम करने से ठेकेदार बचते हैं। इसकी दो वजहे हैं। पहली वजह यह कि जब पैचवर्क के एस्टीमेट यानी आगणन बनाए गए थे तो तारकोल का भाव 65 से 68 हजार रुपये मीट्रिक टन था। मौजूद समय में तारकोल का भाव लगभग 90 हजार रुपये टन हो चुका है। इसके अलावा पैचवर्क का भुगतान कई टुकड़ों में होता है। शासन से जब जब बजट जारी होता तब भुगतान होता है और इसमें बहुत ज्यादा बचत भी नहीं होती। इसी वजह से ठेकेदार पैचवर्क के काम से बचते हैं।

—————–

वर्जन

ठेकेदार टेंडर क्यों नहीं डाल रहे, यह बात तो ठेकेदार ही बता सकते हैं। शासन के निर्देशों के क्रम में तय समय सीमा में लगातार निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं। जिन कामों में टेंडर डाले गए हैं उनके अनुबंध गठित कर तय समय पर काम पूरा कराने की हर संभव कोशिश की जा रही है। – मनिंदर सिंह, अधिशासी अधिकारी, निर्माण खंड-1

फोटो-40-ब्रम्हानंद दीक्षित। आर्काइव

फोटो-40-ब्रम्हानंद दीक्षित। आर्काइव– फोटो : 1

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X