हरदोई। स्टेहिडम में चल रहे नागेंद्र प्रताप सिंह (नागू दादा) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को राइजिंग एकादश और ब्लास्टर्स एकादश के बीच मैच खेला गया। इसमें राइजिंग एकादश ने शानदार गेंदबाजी के दम पर ब्लास्टर्स एकादश को छह रन से हरा दिया। रोमांचक रहे मुकाबले में 76 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लास्टर्स की टीम 69 रन पर ऑलआउट हो गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राइजिंग एकादश की टीम 15.3 ओवर में 75 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। टीम की तरफ से कुशाग्र प्रताप सिंह ने 15 रन और गोविंद ने भी 15 रन बनाए। ब्लास्टर्स एकादश के गेंदबाज रिजवान गाजी ने 1.3 ओवर में सिर्फ दो रन देकर चार विकेट हासिल किए। वहीं सौरभ कुमार ने पांच ओवर में 16 रन देकर चार बल्लेबाजों को आउट किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लास्टर्स एकादश की टीम राइजिंग के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी।
पूरी टीम 19.1 ओवर में 69 रन पर सिमट गई। रिजवान गाजी ने 14 और पवन गुजराती ने 12 रन बनाए। राइजिंग एकादश की तरफ से समर प्रताप ने चार विकेट, अमितेश ने तीन विकेट और कोमल सिंह ने दो विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के लिए कोमल सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंपायरिंग शिवम मिश्रा और अरुणेश वर्मा ने जबकि स्कोरिंग सूरज तिवारी ने की।