Hathras News:तीन हादसों में महिला सहित दो की मौत, एक गंभीर – Two People, Including A Woman, Died And One Was Seriously Injured In Three Accidents
हाथरस। जिले में 24 घंटे के अंदर हुईं तीन सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। हादसों से दो परिवारों में कोहराम मच गया है।
सासनी-कैलोरा मार्ग पर गांव दरियापुर के पास शनिवार दोपहर हाथरस जंक्शन के गांव ठूलई निवासी 56 वर्षीय संतोष सेंगर की हादसे में मौत हो गई। संतोष सेंगर अपने बेटे शुभम के साथ बाइक से सासनी गई थीं। शनिवार दोपहर दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। दरियापुर गांव के पास पीछे से आए ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से संतोष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। संतोष अपने पीछे चार संतानों को छोड़ गई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। संवाद
सलेमपुर में हुई दुर्घटना में हसायन के गांव पिछौती निवासी प्रशांत (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। शुक्रवार की रात प्रशांत अपनी कार से माता-पिता को सलेमपुर स्थित गेस्ट हाउस में शादी समारोह में छोड़ने आए थे। वहां से लौटकर गांव जा रहे थे। रास्ते में स्कूल के पास हाईवे किनारे निकल रही सर्विस रोड से गुजरते समय उनकी कार गिट्टी के ढेर से टकराकर पलट गई।
प्रशांत कार से निकलकर खड्डे में जा गिरे। मौके पर पुलिस व परिजन पहुंच गए। युवक को गंभीर हालत में आगरा ले जाया गया। सीओ अमित पाठक ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। सलेमपुर पर हुए हादसे में युवक की कार गिट्टी की ढेर से टकराई थी।
शुक्रवार की रात करीब 11 बजे मथुरा-बरेली मार्ग गांव किंदौली के सामने सड़क पार कर रहे कादिर (28) को कार ने टक्कर मार दी। कादिर दूर जाकर सड़क पर गिरे। कार चालक मौके से भाग गया। कादिर को इमरजेंसी ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। बिना पुलिस कार्रवाई के ही परिजन शव को गांव ले गए। परिजनों ने बताया कि कादिर काम से लौट रहे थे। उन्होंने अपने पीछे बेटे व गर्भवती पत्नी को छोड़ा है। सीओ डीके सिंह ने बताया कि परिजनों ने प्रकरण में शिकायत नहीं की है।
