Hardoi News:हरित क्रांति से लेकर संविधान तक के पूछे गए सवाल, आवेदकों में पेपर को लेकर दिखा संतोष – Questions Ranging From The Green Revolution To The Constitution Were Asked
हरदोई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा के अंतिम दिन नौ केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। पेपर का स्तर संतुलित रहने के कारण परीक्षा केंद्र से बाहर निकले अधिकांश आवेदकों के चेहरों पर संतोष का भाव साफ झलक रहा था। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया।
शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सीएसएन पीजी कॉलेज, आर्य कन्या महाविद्यालय, आर्य पाठशाला इंटर कॉलेज, महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आरआर इंटर कॉलेज, श्री वेणी माधव बालिका इंटर कॉलेज और सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल में दो पालियों में रविवार को परीक्षा हुई। प्रत्येक पाली में परीक्षा के लिए 4032 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा को शुचितापूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सभी नौ केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार मुआयना करते रहे। परीक्षा केंद्रों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया जिसके चलते परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले हर परीक्षार्थी को कड़े सुरक्षा चरणों से गुजरना पड़ा।
आयोग की गाइडलाइन का कराया गया पालन
आयोग की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन कराते हुए केंद्रों पर सुरक्षाकर्मी काफी मुस्तैद दिखे। एहतियात के तौर पर महिला परीक्षार्थियों को भी कड़े नियमों का सामना करना पड़ा। परीक्षा केंद्रों के गेट पर ही बालियां, मंगलसूत्र, अंगूठी और अन्य धातु के जेवर उतरवा लिए गए। हालांकि शुरुआती क्षणों में इस सख्ती के कारण कुछ केंद्रों पर हल्की असहजता जरूर हुई लेकिन प्रशासन के सहयोग से सभी ने नियमों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा कक्ष में प्रवेश किया।
अधिकारियों ने केंद्रों का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी राहुल पांडेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने प्रथम पाली में राजकीय इंटर कॉलेज, वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज, आर्य कन्या महाविद्यालय, आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने आयोग व शासन से निर्देशों का अनुपालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो यह भी ध्यान रखा जाए।
इन्होंने दर्ज कराई उपस्थिति
प्रथम पाली –
पंजीकृत परीक्षार्थी- 4032
उपस्थित परीक्षार्थी – 2802
अनुपस्थित परीक्षार्थी – 1230
द्वितीय पाली –
पंजीकृत परीक्षार्थी- 4032
उपस्थित परीक्षार्थी – 2816
अनुपस्थित परीक्षार्थी – 1216
परीक्षार्थियों के चेहरे पर दिखा संतोष :
पेपर संतुलित था। हरित क्रांति, पंचवर्षीय योजना और संविधान से जुड़े अच्छे सवाल थे। कुछ सवाल राजनीति से भी जुड़े थे। -पूर्णिमा वर्मा, लखनऊ
कुछ सवालों को हल करने के लिए सोचना पड़ा। हालांकि अधिकांश सवाल आसानी से हो गए। केंद्र पर व्यवस्थाएं भी ठीक थीं। -छवि, उन्नाव
पेपर ठीक हुआ। जिस तरह की तैयारी की थी उस हिसाब से बेहतर परिणाम आने की उम्मीद है। -मुन्नू, गोरखपुर
परीक्षा को लेकर काफी समय से इंतजार कर रहे थे। पहले आसान सवालों को हल किया जिससे कठिन सवालों के लिए पर्याप्त समय मिल गया। -अमित, अंबेडकरनगर
