शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hathras News:बेटी को रेफर करते ही बिफरा पिता, अस्पताल में हंगामा – Father Gets Angry After Daughter Is Referred, Creates Ruckus In Hospital
हाथरस

Hathras News:बेटी को रेफर करते ही बिफरा पिता, अस्पताल में हंगामा – Father Gets Angry After Daughter Is Referred, Creates Ruckus In Hospital

November 10, 2026


हाथरस। इलाज की उम्मीद में चार साल की बेटी को बागला जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे पिता उसे रेफर किए जाने पर बिफर गए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकारी अस्पतालों में गंभीर मरीजों का इलाज नहीं होना है और हर मामले में सिर्फ रेफर ही करना है, तो इतनी बड़ी व्यवस्था और स्टाफ का क्या फायदा।

दिवाली की देर शाम बलराम कॉलोनी (तरफरा रोड) निवासी मुकेश राठौर के घर में त्योहार की खुशियों को उस समय ग्रहण लग गया, जब उनकी चार साल की बेटी काव्या अचानक खेलते-खेलते अचेत होकर गिर गई। बच्ची के मुंह से झाग आने पर परिजन घबरा गए और आनन-फानन लेकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे।

पिता मुकेश ने बताया कि रविवार शाम बच्ची अचानक खेलते खेलते गिर गई। दिवाली की वजह से निजी चिकित्सकों के न मिलने पर वे बच्ची को सरकारी अस्पताल लेकर आए थे। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने बच्ची का प्राथमिक परीक्षण करने के बाद उसे ऑक्सीजन लगाई और स्थिति गंभीर बताते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

बच्ची को बिना उपचार दिए रेफर किए जाने की बात सुनते ही मुकेश राठौर व परिवार के अन्य लोग भड़क उठे। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा किया। पिता ने यहां तक कहा कि चिकित्सक मोटी तनख्वाह लेते हैं, लेकिन उपचार नहीं करते। वे लोग तो डॉक्टर को भगवान समझते हैं।

स्थिति बिगड़ती देख सुरक्षा कर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा। इस दौरान पिता मुकेश राठौर हाथ जोड़कर और रोते हुए डॉक्टरों के सामने बेटी के इलाज की गुहार लगाते नजर आए, लेकिन चिकित्सकों के मुताबिक बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल में भर्ती करना संभव नहीं था।

आखिरकार, काफी देर तक चले हंगामे और मान-मनौव्वल के बाद परिजन बच्ची को लेकर अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए। पिता मुकेश ने बताया कि उनकी बेटी का अलीगढ़ में उपचार चल रहा है। उसके दिमाग में सूजन बताई गई है और उसे दौरे पड़ रहे हैं।

बच्ची को आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया था और अलीगढ़ ले जाने के लिए एएलएस एंबुलेंस भी बुलाई गई थी। बच्ची के दिमाग में सूजन थी और उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी, इसलिए रेफर करना जरूरी था। आरोपों के आधार पर प्रकरण की जांच कराई जा रही है।

-डॉ. सूर्यप्रकाश, सीएमएस

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X