Hisar News:अस्पताल में बेड नहीं मिला, गर्भस्थ शिशु को बताया मृत, निजी अस्पताल में धड़कन मिली – No Hospital Bed Available Fetus Declared Dead, But A Heartbeat Was Detected At A Private Hospital
हिसार/घिराय। चौधरीवास की आठ माह की गर्भवती महिला को ब्लीडिंग होने पर परिजन शुक्रवार रात जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने गर्भस्थ शिशु को मृत बताया और महिला को बेड भी नहीं मिला। इसके बाद वे उसे निजी अस्पताल ले गए जहां जांच में बच्चे की धड़कन सुरक्षित मिली।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि डोपलर जांच में धड़कन सुनाई नहीं दे रही थी। रात में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं होने के कारण महिला को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
चौधरीवास निवासी विनोद ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे उसकी पत्नी मोनी को अचानक ब्लीडिंग शुरू हो गई। वह पहले उसे गांव की पीएचसी ले गया। वहां मौजूद दो नर्सों ने एक गोली देकर मामला उनके बस से बाहर बताया और जिला नागरिक अस्पताल जाने की सलाह दी।
विनोद के अनुसार जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों ने गर्भस्थ शिशु की मौत की बात कही। उसने ऑपरेशन कर बच्चे को बाहर निकालने की मांग की लेकिन बेड उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। आरोप है कि उपचार की मांग पर विवाद बढ़ने से अस्पताल प्रशासन ने डायल 112 की टीम बुला ली।
निजी अस्पताल में शुरू हुआ उपचार
विनोद ने बताया कि निजी अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की धड़कन चलने की जानकारी दी और मोनी का उपचार शुरू कर दिया। उसका आरोप है कि निजी अस्पताल तक ले जाने के लिए एंबुलेंस कर्मचारियों ने उससे 200 रुपये भी वसूले।
डोपलर जांच में नहीं सुनाई दी धड़कन
डोपलर जांच में गर्भस्थ शिशु की धड़कन सुनाई नहीं दे रही थी। अल्ट्रासाउंड जरूरी था लेकिन रात में यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसलिए महिला को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। परिजन उसे वहां नहीं ले जाना चाहते थे और यहीं उपचार की मांग कर रहे थे। हाई रिस्क की लिखित सहमति मांगी तो उन्होंने देने से मना कर दिया। अस्पताल में बेड की कमी नहीं है। महिला के साथ आए पुरुष नशे में थे, इसलिए पुलिस बुलानी पड़ी।
– डॉ. प्रभुदयाल, एसएमओ, जिला नागरिक अस्पताल
