Hisar News:मंत्री जी, 15 साल से प्लाॅट के लिए काट रहा हूं चक्कर, मांग रहे 10 लाख रुपये – Minister, I Have Been Making Rounds For 15 Years Trying To Get A Plot; Now They Are Demanding 10 Lakh Rupees
हिसार। गांव खोखा निवासी जंगबीर हुड्डा ने जनपरिवाद समिति की बैठक में पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा के सामने गुहार लगाते हुए कहा कि मंत्री जी, 15 साल से प्लाॅट के लिए चक्कर काट रहा हूं और अब 10 लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। वर्ष 2011 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) में उनका प्लाॅट ड्रॉ में निकला था लेकिन आज तक उन्हें कब्जा नहीं मिला।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनका रिकॉर्ड खुर्दबुर्द कर दिया गया और शिकायत करने पर उलटे उनके खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। उन्होंने बताया कि वह हार्ट के मरीज हैं और उनकी ओपन हार्ट सर्जरी हो चुकी है।
जंगबीर ने कहा कि वह छह बार सीएम विंडो पर शिकायत दे चुके हैं और दो बार मुख्यमंत्री से भी मिल चुके हैं। मंत्री से भी पहले मिलकर समस्या बता चुके हैं। जनपरिवाद समिति में मामला शामिल करवाने के लिए भी सिफारिश करानी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि एचएसवीपी अधिकारियों ने पैसे लिए हैं और उनके पास इसके सबूत हैं। अब उनसे वर्ष 2015 से ब्याज मांगा जा रहा है, जबकि वह पजेशन मिलने की तारीख से ब्याज देने को तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि एचएसवीपी कार्यालय में प्रशासक ने कमेटी गठित कर रिपोर्ट मांगी थी। आरोप है कि वहां तैनात एक महिला कर्मचारी ने उनके सामने ही उनकी फाइल फाड़ दी और रिकॉर्ड खुर्दबुर्द कर दिया। उन्होंने एसपी, डीसी और मुख्यमंत्री सहित सभी अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उलटे महिला कर्मचारी ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी। उनके पास जेई की रिकॉर्डिंग भी थी जिसकी सीडी बनाकर अधिकारियों को दी थी। दस्तावेज भी गायब कर दिए गए। उन्होंने मंत्री को प्रत्येक आरोप के पुख्ता सबूत देने की बात कही।
एचएसवीपी प्रशासक को अगली बैठक में बुलाएंगे
पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि एचएसवीपी प्रशासक को अगली बैठक में बुलाया जाएगा। जंगबीर अपनी पूरी शिकायत बिंदुवार तैयार करें। उनके हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। उच्च अधिकारी समस्या का समाधान करेंगे और जिसकी गलती होगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दो बार अलॉट हो चुका है प्लाॅट, तीन विकल्प दिए थे
वर्ष 2011 में प्लाॅट का ड्रॉ निकला था। 27 नवंबर 2015 को पजेशन ऑफर लेटर दिया गया था। प्लाॅट दो बार अलॉट हो चुका है। विभाग ने वैकल्पिक तौर पर तीन प्लाॅट ऑफर किए थे। एचएसवीपी की नीति के तहत पैसे लौटाने का प्रस्ताव भी दिया गया था। आवंटी ने सुप्रीम कोर्ट का हवाला देते हुए 15 प्रतिशत ब्याज मांगा था। इस मामले में अंतिम फैसला एचएसवीपी प्रशासक ही लेंगे।
– जगदीप सिंह, संपदा अधिकारी, एचएसवीपी।
