Hisar News:राशन के गेहूं पर डाका, उपभोक्ताओं को थमाए जा रहे रुपये – Theft Of Ration Wheat: Consumers Being Handed Cash Instead
आदमपुर। मंडी आदमपुर के राशन डिपो पर बीपीएल परिवारों को गेहूं देने के बजाय नकदी थमाए जाने का मामला सामने आया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से इस माह दो माह का राशन एक साथ वितरित किया जाना था लेकिन डिपो पर केवल चीनी दी जा रही है। सैकड़ों परिवार गेहूं और सरसों के तेल से वंचित हैं।
आरोप है कि डिपो की मशीनों में राशन वितरण दर्ज किया जा रहा है जबकि उपभोक्ताओं को गेहूं के बदले नकदी दी जा रही है। उपभोक्ता संजय, रेखा, ममता, सुलोचना, विनोद और किशन ने बताया कि नियमों के अनुसार दो माह के कोटे के तहत प्रति व्यक्ति 10 किलो गेहूं और प्रति राशन कार्ड एक किलो चीनी व सरसों का तेल मिलना था। डिपो पर दो-चार दिन राशन वितरित करने के बाद ही स्टॉक खत्म होने की बात कही जा रही है। उपभोक्ताओं ने आशंका जताई कि या तो विभाग की ओर से कम सप्लाई भेजी गई है या फिर डिपो स्तर पर गड़बड़ी की जा रही है।
बाजार भाव के मुकाबले नकदी से हो रहा नुकसान
उपभोक्ताओं का आरोप है कि पांच सदस्यों वाले परिवार को 50 किलो गेहूं के बदले केवल एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। यह राशि 20 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बनती है, जबकि खुले बाजार में गेहूं का भाव करीब 2600 रुपये प्रति क्विंटल है। ऐसे में उपभोक्ताओं को प्रति किलो छह रुपये और प्रति क्विंटल करीब 600 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
दूसरे गांवों के चक्कर काटने को मजबूर
डिपो पर गेहूं और सरसों का तेल नहीं मिलने के कारण आदमपुर के कई उपभोक्ताओं को दूसरे गांवों में जाकर राशन लाना पड़ रहा है। इससे उनका समय और अतिरिक्त किराया खर्च हो रहा है।
इस संबंध में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी। अब आपके माध्यम से यह मामला संज्ञान में आया है। मैं स्वयं डिपो पर जाकर मौके का निरीक्षण करूंगा। अनियमितता मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
– पंकज कुमार, खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, आदमपुर।
