Hisar News:इस बार बच्चों-किशोरों के साथ महिलाओं को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजॉल की गोली – This Time, Women With Children And Adolescents Will Be Given Albendazole Tablets
हिसार। बच्चों और किशोरों को पेट के कीड़ों से मुक्त करने तथा उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए 12 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में निशुल्क एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाई जाएगी। इस बार 20 से 24 वर्ष की गैर-गर्भवती और स्तनपान न कराने वाली महिलाओं को भी शामिल किया गया है।
डॉ. ऋतु सिंगला ने बताया कि अभियान का उद्देश्य 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से मुक्त करना है। कृमि नियंत्रण से खून की कमी दूर करने में मदद मिलती है और बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के साथ उनकी पढ़ाई में एकाग्रता भी बढ़ती है। लाभार्थियों को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अनुमोदित सुरक्षित दवा दी जाएगी। एक से दो वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली पीसकर पानी के साथ और 2 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली चबाकर खिलाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजॉल सुरक्षित और लाभकारी है। अभिभावक बच्चों को स्कूल या आंगनबाड़ी केंद्र भेजने से पहले भरपेट भोजन या नाश्ता जरूर करवाएं। खाली पेट दवा नहीं खानी चाहिए। दवा के बाद कुछ बच्चों को हल्का पेट दर्द, जी मिचलाने या उल्टी की शिकायत हो सकती है जो अस्थायी होती है। आपात स्थिति के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें और एंबुलेंस सेवाएं तैयार रहेंगी।
मॉप-अप राउंड 19 को :
12 नवंबर को बीमारी या अनुपस्थिति के कारण दवा लेने से वंचित बच्चों को 19 नवंबर को मॉप-अप राउंड में दवा दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अभिभावकों से अभियान में सहयोग की अपील की है। इसका लक्ष्य प्रदेश को कृमि मुक्त बनाना है।
