Hisar News:घायलों का पूरा इलाज कराएगा प्रशासन, मकान के नुकसान का होगा आकलन – The Administration Will Ensure Full Medical Treatment For The Injured, And The Damage To Houses Will Be Assessed
हांसी। शेखपुरा गांव की ढाणी चादर पुल में गैस सिलिंडर ब्लास्ट से मकान जमींदोज होने के हादसे के बाद जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को राहत देने की पहल तेज कर दी है। हादसे में घायल चारों लोग खतरे से बाहर हैं और हिसार के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
जिला प्रशासन ने घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने और प्रभावित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया है। डीसी राहुल नरवाल के निर्देश पर एसडीएम राजेश खोथ और तहसीलदार अनिल कुमार बिढ़ान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरी तरह जमींदोज हुए मकान और आसपास के क्षतिग्रस्त घरों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को नुकसान का विस्तृत आकलन कर जल्द रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने देर शाम अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को परिवार के लगातार संपर्क में रहने और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने तत्काल सहायता के रूप में 20 हजार रुपये नकद दिए।
एसडीएम ने बताया कि घायलों का 5 लाख रुपये तक का इलाज आयुष्मान कार्ड के माध्यम से करवाया जाएगा। रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से भी पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। सामाजिक संगठन की ओर से भी 30 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
मंगलवार को हुआ था हादसा
परिवार के सदस्यों राजेश और महेंद्र ने बताया कि 17 नवंबर को शाम करीब सात बजे मकान में रखे घरेलू गैस सिलिंडर में जोरदार धमाका हुआ था। इससे मकान पूरी तरह ढह गया और आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में नवीन, सुनीता, 12 वर्षीय निखिल और छह वर्षीय मीत मलबे में दबकर घायल हो गए थे। परिजनों और पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। परिजनों ने शुरुआत में एंबुलेंस नहीं पहुंचने और घायलों को रेहड़ी में अस्पताल ले जाने के आरोप भी लगाए थे। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
सिलेंडर ब्लास्ट पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग
हांसी। ढाणी चदरपुल में गैस सिलिंडर ब्लास्ट हादसे के बाद कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी राहुल मक्कड़ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया। उन्होंने जिला प्रशासन से तबाह हुए मकान का उचित मुआवजा देने और घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की मांग की। वहीं शेखपुरा पंचायत के सरपंच प्रदीप लादी ने बताया कि प्रशासन ने परिवार को आर्थिक सहायता और घायलों का सरकारी खर्च पर मुफ्त इलाज करवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि पूरा गांव परिवार के साथ खड़ा है। प्रशासन के सहयोग से मकान दोबारा बनवाने के प्रयास भी किए जाएंगे। संवाद
