Hisar News:फूलों की पालकी, शौर्य के करतब…गुरु रंग में रंगा हिसार, पांच प्यारों की अगुवाई में निकला नगर कीर्तन, गुरबाणी की गूंज और जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल – A Palanquin Of Flowers, Feats Of Bravery… Hisar Colored In The Guru’s Hue, A City Procession Led By The Five Beloved Ones, The Echo Of Gurbani And Chants Filled The Atmosphere With Devotion
हिसार। फूलों से सजी पालकी साहिब, गतका दल के शौर्यपूर्ण करतब और गुरबाणी की मधुर स्वर लहरियों के बीच रविवार को शहर गुरु भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, नागोरी गेट से पांच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन निकाला गया।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में निकले नगर कीर्तन में बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। सबसे आगे पंज प्यारे चल रहे थे। उनके पीछे फूलों से सजी पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब विराजमान थे। श्रद्धालुओं ने पालकी साहिब के आगे शीश नवाकर आशीर्वाद लिया।
गतका दल ने तलवारों और पारंपरिक शस्त्रों के साथ युद्ध कला का प्रदर्शन किया। उनकी फुर्ती, संतुलन और साहस ने रोमांचित कर दिया। शबद कीर्तन से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, मानवता, समानता और सेवा का संदेश दिया गया।
नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से शुरू होकर नागोरी गेट, राजगुरु मार्केट, तेलियान पुल, डोगरा मोहल्ला, मुल्तानी चौक, पार्क, भगत सिंह चौक और तलाकी गेट से होते हुए वापस गुरुद्वारा परिसर पहुंचा। इसमें हिसार के अलावा डेंडर, तलवंडी, बीड़ बबरान, पीरांवाली, चौधरीवास, मॉडल टाउन और मिल गेट संगत शामिल हुई। बीबी भूपेंद्र कौर के जत्थे और गुरु नानक सेवा जत्थे ने भी भागीदारी की।
