Hisar News:वन्यजीवों पर दोहरी मार, आश्रय छिना, बचाव के साधन भी कम – A Double Blow For Wildlife: Loss Of Habitat And A Lack Of Rescue Resources
घिराय। फसल कटाई के बाद वन्यजीवों का आश्रय छिन रहा है तो दूसरी ओर उन्हें बचाने के लिए वन्यजीव विभाग के पास पर्याप्त संसाधन भी नहीं हैं। खेतों में फसल खड़ी रहने तक वन्यजीवों को छिपने और सुरक्षित रहने का ठिकाना मिल जाता है लेकिन फसल कटते ही वे सुरक्षित जगह की तलाश में भटकने लगते हैं। इस दौरान आवारा कुत्तों और दूसरे जानवरों के हमलों में उनके घायल होने की आशंका रहती है।
हिसार और हांसी क्षेत्र में वन्यजीवों के बचाव के लिए विभाग के पास महज एक रेस्क्यू वाहन और तीन कर्मचारी हैं। ऐसे में एक स्थान पर अभियान चलने के दौरान दूसरी जगह से सूचना मिलने पर टीम को पहुंचने में देरी होती है जो गंभीर रूप से घायल वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।
गांव धान्सू स्थित वन्यजीव विभाग के डियर पार्क से दोनों क्षेत्रों में मिलने वाली सूचनाओं पर टीम रवाना होती है। कई बार एक ही दिन में पांच-छह घायल वन्यजीवों की सूचना मिल जाती है। एक ही वाहन होने के कारण सभी स्थानों पर समय पर पहुंचना चुनौती बन जाता है। खासकर दूरदराज के क्षेत्रों में पहुंचने में अधिक समय लगता है। संवाद
कहीं तेंदुआ दिखाई दिया तो कहीं नीलगाय घायल
कई बार एक क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिलती है तो उसी समय दूसरे क्षेत्र से नीलगाय या किसी अन्य वन्यजीव के घायल होने की जानकारी आती है। तेंदुए की सूचना पर लोगों की सुरक्षा के लिहाज से तत्काल कार्रवाई जरूरी होती है जबकि घायल वन्यजीव को उपचार की आवश्यकता होती है। एक ही वाहन होने के कारण टीम को प्राथमिकता तय करनी पड़ती है। एक स्थान पर कार्रवाई के दौरान दूसरी जगह मदद का इंतजार बढ़ता जाता है।
पांच से अधिक पद खाली, बड़े वन्यजीवों का बचाव भी चुनौती
वाहन की कमी के साथ कर्मचारियों की संख्या कम होना भी विभाग के सामने बड़ी समस्या है। विभाग में पांच से अधिक पद खाली बताए जा रहे हैं। पर्याप्त कर्मचारी नहीं होने से बड़े वन्यजीवों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने में भी कठिनाइयां आती हैं। जानकारों के अनुसार खाली डी-ग्रुप के पदों पर भर्ती होने से कर्मचारियों की कमी काफी हद तक दूर हो सकती है और बचाव अभियान के लिए अतिरिक्त कर्मचारी उपलब्ध होंगे।
इलाज के लिए बाहरी चिकित्सकों का सहारा
आपात स्थिति में घायल वन्यजीवों के उपचार के लिए धान्सू पशु अस्पताल के वीएलडीए और लुवास के चिकित्सकों की मदद ली जाती है। हांसी क्षेत्र में स्थानीय पशु चिकित्सक भी उपचार में सहयोग करते हैं। स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं। हालांकि, स्थायी व्यवस्था के लिए विभागीय संसाधनों को मजबूत करना जरूरी है।
फसल कटाई के बाद वन्यजीवों के सामने आश्रय का संकट बढ़ जाता है। सुरक्षित जगह की तलाश में वे आबादी की ओर पहुंचते हैं, जहां कुत्तों और अन्य जानवरों के हमलों में घायल होने की आशंका रहती है। विभाग की ओर से अतिरिक्त रेस्क्यू वाहन, गश्ती वाहन और कर्मचारियों की मांग उच्च अधिकारियों के सामने रखी गई है। संसाधन बढ़ने से बचाव अभियान में तेजी आएगी और घायल वन्यजीवों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
– दिनेश जांगड़ा, निरीक्षक, वन्यजीव विभाग, हिसार।
