Hisar News:संविधान के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान – A Call To Contribute To Nation-building By Following The Ideals Of The Constitution
हांसी। संविधान दिवस पर एसडीएम राजेश खोथ ने वीरवार को अधिकारियों-कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया। संवैधानिक आदर्शों, मूल्यों तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ भी दिलाई।
उन्होंने संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
एसडीएम ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आत्मा और एकता, अखंडता तथा सामाजिक समरसता का मजबूत आधार है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देने के साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा भी देता है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श मजबूत, समावेशी और विकसित राष्ट्र के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। 26 जनवरी 1950 को यह देशभर में लागू हुआ। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों का योगदान अविस्मरणीय है। उनके दूरदर्शी विचारों और अथक परिश्रम से देश को ऐसी संवैधानिक व्यवस्था मिली जो प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करती है।
एसडीएम ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र और लिंग के आधार पर होने वाले भेदभाव से ऊपर उठकर सभी के साथ समानता और सम्मान का व्यवहार करना चाहिए। कानून का पालन, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस आत्ममंथन का अवसर है। सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्षता, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना से कार्य करना चाहिए ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना भेदभाव मिले। इस अवसर पर सभी ने संविधान के आदर्शों का पालन करने तथा देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करने का संकल्प लिया।
