Jalaun News:बिजली निगम की फर्जी टीम बनकर पहुंचे युवकों को ग्रामीणों ने खदेड़ा – Villagers Chased Away Youths Posing As A Fake Team From The Electricity Corporation
उरई। कैलिया थाना क्षेत्र के नरी गांव में मंगलवार को बिजली निगम की फर्जी टीम बनकर पहुंचे युवकों को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। ये युवक प्राइवेट गाड़ी से पहुंचे थे और शराब की दुकान में जांच कर रहे थे। शक होने पर ये लोग दस्तावेज भी नहीं दिखा सके।
मामले में नरी गांव निवासी माता प्रसाद हरबान ने कैलिया थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे कुछ अज्ञात युवक चार पहिया गाड़ी से उनकी दुकान पर पहुंचे थे। युवकों ने खुद को बिजली निगम का कर्मचारी बताया और दुकान की बिजली चेक करने लगे। इस दौरान उनके व्यवहार और चेकिंग के तरीके पर दुकानदार को संदेह हुआ। जब उनसे विभागीय परिचय पत्र और चेकिंग से संबंधित अनुमति दिखाने को कहा गया तो वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।
आरोप है कि इसके बाद युवक दुकानदार से अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने दबाव बनाने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने युवकों से पूछा कि जब वे बिजली निगम के कर्मचारी हैं तो उनके पास विभाग का पहचान पत्र क्यों नहीं है और किस अधिकारी के निर्देश पर चेकिंग करने आए हैं। इस पर युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। ग्रामीणों का कहना है कि इसी दौरान एक युवक ने डायरी निकालकर वहां मौजूद लोगों के नाम लिखने शुरू कर दिए। इससे ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने फर्जी टीम बनकर आने का आरोप लगाते हुए युवकों को घेर लिया।
दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख युवक वहां से निकलने की कोशिश करने लगे। ग्रामीणों के विरोध और भीड़ जुटने पर सभी युवक गाड़ी में बैठकर भाग निकले। मामले की सूचना बिजली निगम के अधिकारियों तक पहुंची तो उन्होंने अपने स्तर से जानकारी कराई। अधिकारियों की जांच में सामने आया कि नरी गांव में बिजली विभाग की ओर से कोई चेकिंग टीम नहीं भेजी गई थी। ऐसे में खुद को विभागीय कर्मचारी बताकर दुकान पर चेकिंग करने पहुंचे युवकों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। बिजली निगम के अधिकारी भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कैलिया थाना पुलिस से संपर्क कर रहे हैं।
न ही पिंडारी और न ही कैलिया बिजली घर की कोई टीम चेकिंग करने गई थी। विजिलेंस भी नहीं पहुंची थी। थाना पुलिस ने संपर्क कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की जाएगी।
– जितेंद्र नाथ, अधिशासी अभियंता, खंड प्रथम
मामले में थाना पुलिस को तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी से जांच कर आख्या मांगी गई है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
– परमेश्वर प्रसाद, सीओ
