रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Jammu News:देश में सबसे युवा है जम्मू-कश्मीर, कुल आबादी में 29.5% जेन-जी – Jammu And Kashmir Is The Youngest Region In The Country, With Gen Z Accounting For 29.5% Of Its Total Population
जम्मू

Jammu News:देश में सबसे युवा है जम्मू-कश्मीर, कुल आबादी में 29.5% जेन-जी – Jammu And Kashmir Is The Youngest Region In The Country, With Gen Z Accounting For 29.5% Of Its Total Population

November 29, 2026


-राष्ट्रीय जनसंख्या आयोग के आंकड़ों पर डेटाफुल की रिपोर्ट में सामने आई तस्वीर

-2026 के अनुमानों में देश की कुल 142.6 करोड़ आबादी में 26 फीसदी जेन-जी

-उत्तर भारत में बढ़ रही युवा शक्ति, बिहार 29.3 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर

अखिलेश शर्मा

जम्मू। अपनी कुल आबादी में युवाओं की हिस्सेदारी के मामले में जम्मू-कश्मीर देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सबसे आगे है। यहां की कुल आबादी का 29.5 प्रतिशत हिस्सा 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं यानी जेन-जी का है। इस मामले में 29.3 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ बिहार दूसरे स्थान पर है।

ये आंकड़े राष्ट्रीय जनसंख्या आयोग के जनसंख्या प्रक्षेपण पर तकनीकी समूह के 2026 के अनुमानों पर आधारित हैं। डेटाफुल ने इन आंकड़ों को जेन जी की प्रतिशत हिस्सेदारी के रूप में विश्लेषित किया है। वर्ष 1997 से 2012 के बीच जन्मी पीढ़ी को जेन जी कहा जाता है। 2026 के अनुमानों के मुताबिक देश की कुल 142.6 करोड़ आबादी में 26 फीसदी जेन-जी हैं। इस लिहाज से जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय औसत से 3.5 फीसदी अधिक युवा आबादी वाला प्रदेश है।

डेटा विजुअलाइजेशन प्लेटफॉर्म इंडिया इन पिक्सल्स के 16 वर्षीय पीढ़ीगत गणना मॉडल (1997-2012) में भी जम्मू-कश्मीर 30.8 फीसदी के साथ शीर्ष केंद्र शासित प्रदेश बना हुआ है। आयोग की रिपोर्ट पॉपुलेशन प्रोजेक्शंस फॉर इंडिया एंड स्टेट्स (2011-2036) के 2026 के पांच-वर्षीय आयु वर्ग पर आधारित है।

उत्तर और दक्षिण भारत के बीच दिखा स्पष्ट अंतर

आंकड़े देश में उत्तर और दक्षिण के बीच एक बड़े जनसांख्यिकीय बदलाव की तस्वीर पेश करते हैं। जम्मू-कश्मीर (29.5 प्रतिशत), बिहार (29.3 प्रतिशत), झारखंड (28.7 प्रतिशत), उत्तर प्रदेश (27.8 प्रतिशत) और असम (27.7 प्रतिशत) में युवाओं की हिस्सेदारी काफी अधिक है। इसके विपरीत, दक्षिण भारतीय राज्यों में युवा आबादी सबसे कम है। केरल में जेन-जी महज 21.1 प्रतिशत और तमिलनाडु में 21.6 प्रतिशत हैं। दक्षिण के पांचों राज्यों में जेन-जी की संख्या मिलेनियल्स (30–44 वर्ष) के मुकाबले कम है, जबकि जम्मू-कश्मीर और बिहार में युवाओं का अनुपात पुरानी पीढ़ी से अधिक है।

नीति निर्धारण के लिए बड़ा संकेत

विशेषज्ञों का मानना है कि जम्मू-कश्मीर में युवाओं की यह बड़ी हिस्सेदारी प्रदेश के भविष्य के लिए एक बड़ा डेमोग्राफिक डिविडेंड (जनसांख्यिकीय लाभांश) है। चूंकि यह पीढ़ी अगले एक दशक में कार्यबल और मतदाता वर्ग का सबसे बड़ा हिस्सा बनेगी, इसलिए प्रदेश में उच्च शिक्षा, कौशल विकास, स्टार्टअप और रोजगार सृजन को लेकर ठोस नीतिगत कदम उठाने की आवश्यकता होगी।

साक्षरता में अव्वल जम्मू-कश्मीर

साक्षरता दर 98.43 प्रतिशत : सितंबर 2026 में जारी आंकड़ों के अनुसार नव भारत साक्षरता कार्यक्रम (उल्लास) के तहत जम्मू-कश्मीर ने 98.43 फीसदी साक्षरता दर हासिल कर पूर्ण साक्षर केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा प्राप्त कर लिया है।

युवा बेरोजगारी दर 26.2 प्रतिशत :

केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के ताजा आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस, जुलाई-सितंबर 2026) के मुताबिक, प्रदेश में 15 से 29 वर्ष के युवाओं में बेरोजगारी दर 26.2 फीसदी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत (15.3 प्रतिशत) से काफी अधिक है।

——कोट————–

जम्मू-कश्मीर में जेन-जी की विशाल ऊर्जा को सही दिशा देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लक्ष्य प्रदेश के हर कोने से लाखों युवाओं को खेल मैदान से जोड़ना है। आज जिस तरह से युवा बड़ी संख्या में हमारे अभियानों से जुड़ रहे हैं वह स्वस्थ एवं उज्ज्वल जम्मू-कश्मीर की तस्वीर पेश करता है।

– अनुराधा गुप्ता, महानिदेशक, युवा सेवा एवं खेल निदेशालय, जम्मू-कश्मीर

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X