Jammu News:राजोरी के खेल ढांचे को संवारने के लिए बनेगा मास्टर प्लान, यहां से निकलेंगे अगले धोनी और सचिन – A Master Plan Will Be Developed To Revamp The Sports Infrastructure In Rajouri; This Is Where The Next Dhoni And Sachin Will Emerge From
पहला जिला दौरा : मुख्य सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव ने लिया विकास कार्यों व खेल गतिविधियों का जायजा
क्रासर
खेलो इंडिया और साई के माध्यम से बढ़ेंगी सुविधाएं, योग्य प्रशिक्षकों की नियुक्ति के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव ने मंगलवार को अपने पहले जिला दौरे के दौरान राजोरी पहुंचकर विकास कार्यों और खेल गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिले में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने युवा खिलाड़ियों से संवाद किया और मैदान पर उतरकर उनके साथ खेल गतिविधियों में हिस्सा भी लिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि राजोरी में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग और क्रिकेट सहित कई खेलों में अपार प्रतिभा छिपी है, जिसे उचित प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाओं के जरिए तराशने की आवश्यकता है। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि खेलो इंडिया और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के माध्यम से अधिकाधिक खेल विधाओं को बढ़ावा दिया जाए तथा खिलाड़ियों के लिए योग्य प्रशिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इससे पूर्व मुख्य सचिव ने डॉ. राज कुमार थापा स्मारक एवं संग्रहालय का दौरा किया तथा शहर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वच्छता और नशा मुक्ति अभियान के तहत खिलाड़ियों को शपथ भी दिलाई।
सरकार का लक्ष्य राजोरी से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ी तैयार करना है। मैं चाहता हूं कि राजोरी की धरती से अगला महेंद्र सिंह धोनी और अगला सचिन तेंदुलकर निकले। – डॉ. सज्जन सिंह यादव, मुख्य सचिव, जम्मू-कश्मीर
जीएमसी राजोरी में स्त्री रोग वार्ड भवन के निर्माण में देरी पर सख्ती, नोटिस जारी
मुख्य सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव ने राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं का जायजा लिया। इस मौके पर उपायुक्त राजोरी डॉ. देवांश यादव भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में मुख्य सचिव ने जीएमसी के स्त्री रोग वार्ड (गायनेकोलॉजी वार्ड) भवन के निर्माण में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाया। निर्धारित समयसीमा बीतने के बावजूद काम पूरा न होने पर उन्होंने गंभीर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। उन्होंने दोटूक कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को तय मियाद में हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
