पीडीडीयू नगर। श्रीकृष्ण व्यायामशाला डांडी अखाड़ा के पहलवान अंकित यादव ने कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। जौनपुर के ग्राम सेवई नाला में बृहस्पतिवार को को आयोजित रुस्तम पूर्वांचल केसरी प्रतियोगिता में उन्होंने छह पहलवानों को हराकर 51 हजार रुपये की ईनामी राशि और रुस्तम ए पूर्वांचल केसरी की गदा अपने नाम की। फाइनल मुकाबले में अंकित ने वाराणसी के अजगरा निवासी बबलू सिंह को पराजित कर खिताब जीता। विजेता बनने पर कुश्ती संघ के प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय पहलवान और सचिव लालजीत बेद प्रकाश, कोच कन्हैया पहलवान ने अंकित को सम्मानित किया। खिताब जीतकर हृदयपुर गांव पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। डांडी अखाड़ा से हृदयपुर गांव तक पहलवानों और ग्रामीणों ने जुलूस निकाला। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने माला पहनाकर अभिनंदन किया। अंकित के पिता रामलखन यादव, माता माधुरी देवी, दादा अंतू सरदार और दादी दुर्गावती देवी सहित परिवार के लोगों में खुशी का माहौल रहा। जुलूस में अंतरराष्ट्रीय पहलवान कन्हैया यादव, सभासद पारस यादव, प्रधान मनोज यादव, मोनू यादव, बनारसी, मोती लाल, मनोज, रामकिशोर और ईश्वर पहलवान आदि मौजूद रहे।