शाहगंज। पानदरीबा मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों पर धारदार हथियार और लाठी-डंडे से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपियों उसरा भादी निवासी उत्कर्ष यादव, आदित्य यादव और सुक्खू उर्फ सुजल यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को उसरा भादी गांव स्थित उनके घर से दबिश देकर पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बीते 11 नवंबर को सुरिस गांव निवासी अभिषेक सिंह पानदरीबा मोहल्ले के पास अपने दोस्त के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश में दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली देना शुरू कर दिया। हमले में अभिषेक सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, प्रतीक सिंह घायल हो गए थे।