Jaunpur News:फरवरी में बनकर तैयार हो जाएगा जिले का पहला साइबर थाना – Jwala And Khushboo’s Team Won In Kabaddi
ताराजीवनपुर/पीडीडीयू नगर। जिले का पहला साइबर थाना फरवरी तक बनकर तैयार हो जाएगा। अलीनगर थाना परिसर में साइबर थाने के भवन का 80 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। दो करोड़ की लागत से बन रहे इस दो मंजिला भवन का निर्माण आवास विकास कार्यदायी संस्था की ओर से कराया जा रहा है। विभाग के अनुसार, फरवरी में बन कर तैयार हो जाएगा।
जिले में साइबर अपराध से जुड़े मामलों में तेजी आई है। अभी पुलिस लाइन में साइबर सेल चल रही है। वहीं, सभी थानों में भी साइबर सेल बनाए गए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार की योजना के तहत सितंबर 2023 में जिले में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक की नियुक्ति की गई थी। इसके बाद 19 दिसंबर 2023 को उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने चंदौली सहित प्रदेश के 57 जिलों में नए साइबर क्राइम थाने स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। 27 फरवरी 2024 को मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 57 जिलों में साइबर थानों के संचालन की शुरुआत की थी।
अलीनगर थाना परिसर में दो करोड़ रुपये की लागत से साइबर थाना भवन का निर्माण शुरू कराया गया। इसे दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाना था, लेकिन बारिश सहित अन्य कारणों से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। अब फरवरी तक निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।
क्या होगा खास
9000 वर्गफीट क्षेत्रफल में बन रहा है भवन
भूतल पर 10 कार्यालय कक्ष, शौचालय, स्नानघर और स्ट्रांग रूम बनाया जा रहा है। वहीं, प्रथम तल पर मीटिंग हॉल के साथ शौचालय और स्नानघर की सुविधा होगी। भवन में टाइल्स, मार्बल फिनिशिंग और विद्युत वायरिंग का काम भी कराया जाएगा। साइबर अपराध के आरोपियों को रखने के लिए स्ट्रांग रूम के साथ पूछताछ की भी व्यवस्था होगी। थाना शुरू होने से ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों की जांच एवं कार्रवाई के लिए एक अलग केंद्र उपलब्ध होगा।
साइबर थाना शुरू होने से साइबर अपराधों की जांच में तेजी आएगी। पीड़ितों की शिकायतों पर एक ही स्थान पर त्वरित कार्रवाई हो सकेगी। इससे लोगों को अलग-अलग थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और साइबर अपराधों के मामलों के पर्दाफाश में भी मदद मिलेगी। – अरुण कुमार सिंह, सीओ, पीडीडीयू नगर
