Kaithal News:बात्ता के खेल स्टेडियम में तैयार हो रही खिलाड़ियों की नई पौध, 100 से ज्यादा बच्चे ले रहे प्रशिक्षण – New Plant Of Players Being Prepared At Batta’s Sports Stadium, More Than 100 Children Receiving Training
कसान। गांव बात्ता का राजीव गांधी खेल स्टेडियम अब ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को तराशने का केंद्र बनता जा रहा है। कभी बदहाल स्थिति में रहने वाले इस स्टेडियम में अब रोजाना 100 से अधिक बच्चे और युवा खेल गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं। ग्रामीणों के सहयोग से स्टेडियम की साफ-सफाई और व्यवस्था में सुधार होने के बाद यहां एथलेटिक्स और जूडो की दो खेल नर्सरियां संचालित की जा रही हैं। इनमें 70 से 80 लड़के और लड़कियां नियमित रूप से प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसके अलावा 30 से 40 युवा कबड्डी का अभ्यास भी करते हैं।
स्टेडियम में एथलेटिक्स की खेल नर्सरी कोच राजबाला संचालित कर रही हैं। वे गांव ब्राह्मणवाला से रोजाना बात्ता पहुंचकर करीब 30 से 35 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देती हैं। वहीं जूडो की नर्सरी के कोच प्रदीप कुमार कैथल शहर से गांव पहुंचते हैं। उनकी नर्सरी में 40 से 45 खिलाड़ी जूडो की बारीकियां सीख रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों नर्सरियां करीब छह महीने से संचालित हो रही हैं।
कबड्डी में भी गांव के युवाओं का शानदार प्रदर्शन
उन्होंने बताया कि स्टेडियम में खेल नर्सरियों के अलावा गांव के युवा भी कबड्डी का नियमित अभ्यास करते हैं। गांव की कबड्डी टीम ने सांसद खेल महोत्सव में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया था। हाल ही में सांसद खेल महोत्सव की हलका स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी इसी स्टेडियम में हुआ था। इससे स्टेडियम को खेल गतिविधियों के लिए नई पहचान मिली है।
ग्रामीणों के सहयोग से बदली स्टेडियम की तस्वीर
एक समय स्टेडियम की हालत इतनी खराब थी कि यहां खेल गतिविधियां संचालित करना भी मुश्किल था। इसके बाद ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से साफ-सफाई करवाकर इसे दोबारा खेलों के अनुकूल बनाया। अब यहां नियमित अभ्यास के लिए बच्चों और युवाओं की भागीदारी बढ़ रही है। ग्रामीणों के सहयोग, प्रशिक्षकों की मेहनत और खिलाड़ियों के उत्साह से बात्ता का यह स्टेडियम आसपास के क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध करवा रहा है।

गांव की खेल नर्सरी में अभ्यास करते खिलाड़ी। संवाद

गांव की खेल नर्सरी में अभ्यास करते खिलाड़ी। संवाद
