पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर के समीपवर्ती चिंबलहार में इंडोर स्टेडियम का निर्माण एक वर्ष से अधर में है। पर्यटन विभाग के माध्यम से बन रहे इस प्रोजेक्ट का एक साल पहले ढांचा खड़ा किया गया था। इसके बाद से निर्माण ठप पड़ा है। इसके आसपास झाड़ियां उग आई हैं।
चिंबलहार और आसपास के गांवों के बैडमिंटन, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस और कुश्ती खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए पालमपुर या धर्मशाला जाना पड़ता है। पूर्व भाजपा विधायक प्रवीण कुमार ने भी निर्माण में देरी पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व जयराम सरकार के समय बजट के साथ इसका शिलान्यास हुआ था। कार्य में देरी से सरकारी धन का नुकसान हो रहा है। स्थानीय लोगों विशाल, सुरेश, शोभापुरी, राजेंद्र कुमार और अनुज ने प्रोजेक्ट को युवा सेवाएं एवं खेल विभाग को सौंपकर जल्द पूरा करवाने की मांग की है।
————–
डेढ़ करोड़ का अतिरिक्त बजट मंजूर : यादविंद्र गोमा
युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने बताया कि चिंबलहार इंडोर स्टेडियम के लिए डेढ़ करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट का प्रावधान कर दिया गया है। जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर दूसरे चरण का काम जल्द शुरू करवाया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास की आधुनिक सुविधा मिल सके।