Kangra News:दिवाली के बाजार में महिलाओं के हुनर की चमक – The Brilliance Of Women Skills In The Diwali Market
धर्मशाला। दिवाली के बाजार में इस बार रोशनी और सजावट के सामान के साथ महिलाओं के हुनर की भी चमक देखने को मिल रही है।
नगर निगम की ओर से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निशुल्क स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इन पर अनु बाला और ममता देवी अपने हाथों से तैयार किए उत्पादों के साथ दिवाली की सजावटी वस्तुएं बेच रही हैं।
स्टॉल पर हाथ से तैयार बैग, सजावटी लड़ियां, मिट्टी के दीये और घरों को सजाने के लिए कई तरह के आकर्षक उत्पाद उपलब्ध हैं। लड़ियों की कीमत 100 से 150 रुपये तक है, जबकि दीयों की कीमत 50 रुपये से शुरू है। त्योहार के दौरान खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोग इन उत्पादों में रुचि दिखा रहे हैं।
अनु बाला ने बताया कि वह श्री गणेश समूह से जुड़ी हैं। चार साल से नगर निगम की ओर से समूह को दिवाली के अवसर पर दो निशुल्क स्टॉल उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इससे महिलाओं को अपने हुनर और मेहनत से तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आर्थिक रूप से मजबूत बनने का मौका मिलता है। दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर स्टॉल लगाने से उनके उत्पाद अधिक लोगों तक पहुंचते हैं और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलता है।
नगर निगम की यह पहल महिलाओं को केवल बिक्री का मंच ही नहीं दे रही, बल्कि उनके हुनर को पहचान और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रही है।
