Kangra News:धर्मशाला अस्पताल में 37 में से 24 महिला डॉक्टर – 24 Out Of 37 Doctors At Dharamshala Hospital Are Women
धर्मशाला। क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन काफी हद तक महिला चिकित्सकों के कंधों पर टिका है। अस्पताल में तैनात कुल 37 डॉक्टरों में से 24 महिला डॉक्टर हैं, जो लगभग 64 प्रतिशत जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
ये महिला चिकित्सक मरीजों के उपचार से लेकर विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ओपीडी में मरीजों की जांच, गंभीर मामलों का उपचार और विशेषज्ञ परामर्श जैसी जिम्मेदारियों को वे बखूबी निभा रही हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल में डॉ. अनुराधा बतौर चिकित्सा अधीक्षक कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त, गायनी और मेडिसिन विभागों में तीन-तीन महिला डॉक्टर सेवाएं दे रही हैं। मनोचिकित्सक और रेडियोलॉजिस्ट के पद पर एक-एक महिला डॉक्टर कार्यरत हैं।
मेडिकल ऑफिसर के तौर पर सात, एनेस्थीसिया के पद पर दो, ईएनटी में एक, ब्लड बैंक में एक, बाल रोग में एक, आई ओपीडी में दो और सर्जरी विभाग में एक महिला डॉक्टर सेवाएं दे रही हैं।
अस्पताल में बड़ी संख्या में महिला चिकित्सकों की तैनाती यह दर्शाती है कि चिकित्सा क्षेत्र में महिलाएं दक्षता और समर्पण से एक नई पहचान बना रही हैं। दिनभर मरीजों की भीड़ के बीच उपचार सेवाएं देने के साथ ही वे स्वास्थ्य व्यवस्था की चुनौतियों का भी सामना कर रही हैं। ऐसे में, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला की चिकित्सा सेवाओं में महिला डॉक्टरों का योगदान विशेष महत्व रखता है।
डॉ. अनुराधा ने बताया कि अस्पताल में 64 फीसदी महिला डॉक्टर कार्यरत हैं। डॉक्टरों की नियुक्ति से धर्मशाला अस्पताल में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल पा रही हैं।
