शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Kangra News:परागपुर के ऐतिहासिक तालाब का कायाकल्प शुरू – Rejuvenation Of The Historic Pond In Paragpur Begins
कांगड़ा

Kangra News:परागपुर के ऐतिहासिक तालाब का कायाकल्प शुरू – Rejuvenation Of The Historic Pond In Paragpur Begins

November 7, 2026


Rejuvenation of the historic pond in Paragpur begins

परागपुर बाजार में स्थित ऐतिहासिक तालाब।स्रोत : सवांद

परागपुर (कांगड़ा)। देश के पहले हेरिटेज विलेज परागपुर में स्थित ऐतिहासिक तालाब अब अपने पुराने वैभव में लौटेगा। पर्यटन विभाग और स्थानीय विकास खंड ने मिलकर इस सदियों पुरानी धरोहर को संवारने की संयुक्त पहल शुरू की है। राजस्व अभिलेखों में यह जलस्रोत वर्ष 1868 का दर्ज है।

प्रशासन ने जीर्णोद्धार की प्राथमिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। तालाब का जलस्तर घटाकर जलीय जीवों को सुरक्षित ब्यास नदी में स्थानांतरित कर दिया गया है। विरासत संरक्षण की इस मुहिम में स्थानीय ग्रामीणों ने विकास कार्यों की कार्यसूची पंचायत प्रधान को सौंपी है।

पंचायत और ग्रामसभा से अनुमोदन के बाद प्रस्ताव को अंतिम प्रशासनिक व वित्तीय मंजूरी के लिए उपायुक्त कांगड़ा को भेजा जाएगा। हेरिटेज विलेज कमेटी और विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एसडीएम निशांत ठाकुर इस परियोजना की निगरानी कर रहे हैं। वह तकनीकी अधिकारियों और पर्यटन विभाग के साथ मिलकर इसके सौंदर्यीकरण की योजना तैयार कर रहे हैं। इसका उद्देश्य धरोहर के मूल स्वरूप को सहेजने के साथ पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध करवाना है।

योजना के तहत तालाब की मरम्मत, स्वच्छता और आसपास के परिवेश का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। ग्रामसभा से प्रस्ताव पारित होते ही बजट स्वीकृत करवाकर कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा।

———

ग्रामसभा से पारित प्रस्ताव मिलते ही उसे आगामी कार्रवाई और वित्तीय स्वीकृति के लिए उपायुक्त को भेजा जाएगा। तकनीकी टीम और पर्यटन विभाग के साथ मिलकर खाका तैयार किया जा रहा है ताकि ऐतिहासिक धरोहर को संवारकर पर्यटन के अनुकूल बनाया जा सके। -निशांत ठाकुर, एसडीएम, देहरा

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X