शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कांगड़ा

Kangra News:साहित्यकार रमेश मस्ताना के बेटे बोले घायल पिता को एक घंटे तक घुमाते रहे – Writer Ramesh Mastana Son Says They Kept Moving His Injured Father Around For An Hour

November 8, 2026


धर्मशाला। लदवाड़ा-शाहपुर फोरलेन पर 5 नवंबर की शाम हुए सड़क हादसे में साहित्यकार रमेश चंद मस्ताना की मौत के मामले में बेटे प्रियांकुर ने गंभीर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद इनोवा चालक ने घायल पिता को अस्पताल पहुंचाने के बजाय करीब एक घंटे तक गाड़ी में इधर-उधर घुमाया। उन्होंने खुद गाड़ी रुकवाकर पिता को बाहर निकाला और शाहपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सोशल मीडिया पर की पोस्ट में प्रियांकुर ने कहा कि उनके पिता रमेश मस्ताना 5 नवंबर को शाम करीब 5 बजे निजी काम से बाइक पर रजोल गए थे। शाम करीब 6 बजे घर लौटते समय लदवाड़ा चौक से आगे पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिता उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और उनका हेलमेट भी खुल गया और बाइक का पिछला पहिया जाम हो गया। हादसे की सूचना मिली तो वह शाहपुर अस्पताल पहुंचे लेकिन वहां पिता के पहुंचने की जानकारी नहीं मिली।

टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भी पता किया लेकिन वहां भी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद निजी अस्पताल की तरफ जाते समय उन्हें क्षतिग्रस्त इनोवा दिखाई दी। बेटे का आरोप है कि गाड़ी में सवार एक व्यक्ति नशे की हालत में था और ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था।

पिछली सीट पर उनके पिता लेटे हुए थे और दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने आरोप लगाया कि चालक ने गाड़ी रोकने के बावजूद दरवाजा नहीं खोला और वहां से गाड़ी लेकर भागने लगा। परिजनों ने पीछा किया तो आर्मी कैंटीन के पास फिर गाड़ी रोकने को कहा लेकिन चालक ने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।

इसी दौरान सामने से वाहन आने के कारण गाड़ी रुकी तो उन्होंने दरवाजा खोलकर पिता को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अपनी गाड़ी में शाहपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी देने और गाड़ी का पता होने के बावजूद उसे तत्काल कब्जे में नहीं लिया गया। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने गाड़ी पकड़ी। परिजनों का यह भी आरोप है कि हादसे के समय गाड़ी कौन चला रहा था, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई।

पुलिस ने उनके सामने केवल एक व्यक्ति का चिकित्सकीय परीक्षण करवाया, जबकि घायल पिता को गाड़ी में लेकर जाने वाले व्यक्ति का परीक्षण नहीं करवाया गया। बेटे ने हादसे के समय मौजूद तीनों व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच और सभी के चिकित्सकीय परीक्षण की मांग उठाई है।

—–

मामले में नियमों के अनुसार पूरी कार्रवाई की है। परिजनों के अनुसार कार में सवार चालक के अलावा अन्य दोनों सवारों के भी मेडिकल करवाया गया है। मामले की जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। -कुलभूषण वर्मा, एसपी कांगड़ा

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X