रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कन्नौज

Kannauj News:अधिवक्ता के हत्यारोपी के पिता और नाबालिग बेटी गिरफ्तार – Father And Minor Daughter Of The Accused In An Advocate’s Murder Arrested

November 15, 2026


छिबरामऊ (कन्नौज)। अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में शनिवार को पुलिस ने हत्यारोपी के पिता और नाबालिग बेटी को गिरफ्तार किया है। विवेचना में हत्यारोपी की बेटी और बेटे के नाम प्रकाश में आए थे, जिसके आधार पर पुलिस ने बेटी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने निशानदेही पर बंदूक, तमंचा और 37 कारतूस बरामद किए हैं।

कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि आठ नवंबर को इब्राहिमगंज में हुए विवाद के बाद अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में अनुज के भाई अंकित चतुर्वेदी की तहरीर पर अमोल दीक्षित, उसके पिता अवध बिहारी और मां मुन्नी देवी के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस टीम ने मंगलवार को हत्यारोपी और उसकी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि पिता फरार हो गए थे। विवेचना में अमोल की बेटी और बेटे के नाम भी प्रकाश में आए, जिसके बाद पुलिस तीनों की तलाश में थी। पुलिस टीम ने अवध बिहारी दीक्षित को पश्चिमी बाईपास के पास से गिरफ्तार किया, जबकि बेटी को मोहल्ला इब्राहिमगंज में जीटी रोड के पास से पकड़ा। अवध बिहारी की निशानदेही पर पुलिस ने दुकान से बंदूक, अवैध तमंचा और 37 कारतूस बरामद कीं। हत्यारोपी के पिता को जिला कारागार और बेटी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। कोतवाल ने बताया कि हत्यारोपी का बेटा फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

बेटी पर निगरानी रखने का आरोप

कोतवाल ने बताया कि जांच में बेटी की भूमिका भी सामने आई है। उसे दुकान के सामने खड़े होकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई थी, ताकि घटना के दौरान कोई बीच में हस्तक्षेप न कर सके। इस बिंदु पर पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।

पत्नी को सरकारी नौकरी, परिवार को सुरक्षा की मांग

अधिवक्ता की हत्या को लेकर अधिवक्ता समाज में आक्रोश थम नहीं रहा है। कानपुर नगर के सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिकांत अग्निहोत्री और कानपुर देहात के अध्यक्ष संतोष कुमार सक्सेना के नेतृत्व में प्रयागराज, कौशांबी से अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित के घर पहुंचा। अधिवक्ताओं ने दिवंगत अनुज चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया। प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। इसमें दिवंगत अधिवक्ता की पत्नी को सरकारी नौकरी देने, परिवार को शस्त्र लाइसेंस और गवाही पूरी होने तक पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।

एक सप्ताह का अल्टीमेटम

सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ता को न्याय दिलाने के लिए पूरा समाज एकजुट है। दोषियों के खिलाफ प्रभावी पैरवी की जाएगी और उन्हें सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर पीड़ित परिवार की मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X