प्रेमपुर। कोर्ट में विचाराधीन मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए गांव के कुछ लोगों ने ट्रैक्टर से धान की पुआल लेकर लौट रहे दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। पिटाई में एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने शनिवार को सीओ को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
क्षेत्र के ग्राम अदमापुर मौजा बरुआ सबलपुर निवासी रवि चंद्र ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से कोर्ट में एक मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि 11 नवंबर की दोपहर 1.40 बजे वह भाई अर्जुन के साथ ट्रैक्टर से धान की पुआल लेकर घर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में रवि चंद्र के सिर व सीने में चोट लगने से वह घायल हो गया। दोनों भाइयों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना डायल-112 पर दी। पीआरवी टीम के मौके पर पहुंचने पर हमलावर फरार हो गए। सीओ मयंक मिश्रा ने बताया कि कोतवाल को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।