Kannauj News:काल बनकर सामने से आया था ट्रैक्टर, अंजू वेंटिलेटर पर – The Tractor Appeared Like A Harbinger Of Death; Anju Is On A Ventilator
गुगरापुर (कन्नौज)। अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर गलत दिशा से दौड़ रही ट्रैक्टर-ट्राॅली ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दी। मिरगावां कट पर हुए भीषण हादसे में सास-बहू की मौत के बाद अब बेटी अंजू जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। उसकी हालत गंभीर होने पर रविवार को वेंटिलेटर पर रखा गया है। उधर, पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और तलाश शुरू कर दी है।
विशुनगढ़ क्षेत्र के ग्राम लोकपुर निवासी कार चालक आयोग बाबू ने बताया कि शनिवार को वह कार से अलीगढ़-कानपुर हाईवे से गुजर रहे थे। मिरगावां कट के पास ग्राम कटरी फिरोजपुर पटिया निवासी रामलड़ैते आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली को तेज रफ्तार में गलत दिशा से लेकर आ रहा था। ट्रैक्टर-ट्राॅली ने कार में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में सास जमुना देवी और दादी सिया दुलारी की मौत हो गई जबकि पत्नी अंजू समेत चार महिलाएं घायल हो गईं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। ट्रैक्टर-ट्राॅली के मालिक का पता लगाया जा रहा है। कोतवाल ध्यानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हाईवे पर गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वेंटिलेटर पर अंजू
हादसे में घायल बेला देवी, सुनीता देवी और अर्चना की हालत में सुधार है, लेकिन अंजू की स्थिति अब भी नाजुक है। कानपुर के कल्याणपुर स्थित निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
सास-बहू का अंतिम संस्कार किया गया
सास सिया दुलारी और बहू जमुना देवी के शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम छाया था। घर से दो सास-बहू की एक साथ अर्थियां उठी तो हर आंख नम हो गई। वहां पर उपस्थित कोई भी व्यक्ति आंख से आंसू पोछते हुए नजर आया।
